Bihar Train News: सारण के हजारों रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. अब पटना या थावे जाने के लिए दूर-दराज के स्टेशनों तक पहुंचने की परेशानी काफी हद तक खत्म होने वाली है. पूर्वोत्तर रेलवे ने 18 जुलाई 2026 से पटना-थावे-पटना पैसेंजर ट्रेन (गाड़ी नंबर- 55515/55516) का ठहराव शामकौड़िया और राजापट्टी रेलवे स्टेशनों पर देने का फैसला किया है.
सांसद करेंगे शुभारंभ
जानकारी के मुताबिक, इस नई सुविधा का शुभारंभ महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल करेंगे. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ वाराणसी मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
कितने बजे दोनों स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन?
ट्रेन के टाइम टेबल के अनुसार, पटना-थावे पैसेंजर ट्रेन शामकौड़िया स्टेशन पर शाम 4:46 बजे पहुंचेगी और 4:48 बजे रवाना होगी. इसके बाद ट्रेन राजापट्टी स्टेशन पर शाम 5:13 बजे पहुंचेगी और 5:15 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी. जबकि वापसी में थावे-पटना पैसेंजर ट्रेन राजापट्टी पर रात 9:41 बजे और शामकौड़िया पर रात 10:05 बजे पहुंचकर 10:07 बजे रवाना हो जाएगी.
क्या होगा फायदा?
रेलवे का मानना है कि इस ठहराव से सबसे अधिक लाभ छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और इलाज के लिए आने-जाने वाले मरीजों को मिलेगा. साथ ही आसपास के गांवों के लोगों को अब ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे स्टेशनों तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी.
ऐसा होने पर मिलेगा स्थायी ठहराव
रेलवे ने फिलहाल इस व्यवस्था को प्रायोगिक आधार पर लागू किया है. यदि दोनों स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या संतोषजनक रही, तो भविष्य में इसे स्थायी ठहराव बनाया जा सकता है. रेलवे के इस फैसले का स्थानीय लोगों ने स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की दिशा में खास कदम बताया है.
