सारण के पानापुर में दो घरों में चोरी, 30 लाख के गहने और नकदी ले उड़े चोर; कमरे बाहर से किए बंद

पानापुर थाना क्षेत्र में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर करीब 30 लाख रुपये के गहने और नकदी की चोरी कर ली. चोरों ने सो रहे घर के सदस्यों के कमरों को बाहर से बंद कर दिया था.

Saran News: पानापुर थाना क्षेत्र के धेनुकी गांव में रविवार की रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिये. घटना का पता रात करीब 12 बजे घर के सदस्यों के जागने पर चला. कमरे का दरवाजा बाहर से बंद देख परिजनों ने शोर मचाया. सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

छत के सहारे उमेश राय के घर में घुसे चोर

बताया जाता है कि चोरों ने सबसे पहले धेनुकी गांव निवासी उमेश राय के घर को निशाना बनाया. चोर छत के सहारे घर में प्रवेश कर गये. इसके बाद सो रहे घर के सदस्यों के कमरों को बाहर से बंद कर दिया. चोरों ने दूसरे कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े और अन्य सामान चोरी कर लिये.

पीड़ित उमेश राय के अनुसार, अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी हुए हैं. रात करीब 12 बजे शौच के लिए उठने पर उन्होंने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद पाया. इसके बाद शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी.

सौ मीटर की दूरी पर दूसरे घर में भी चोरी

उमेश राय के घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर स्थित सुग्रीव राय के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया. यहां चोर पिछले दरवाजे से घर में घुसे और सो रहे सदस्यों के कमरे को बाहर से बंद कर दिया. इसके बाद घर से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिये.

अज्ञात चोरों पर मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम के साथ स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों घरों में छानबीन कर घटना की जानकारी ली. थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जायेगा.

वहीं, लगातार दो घरों में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है. ग्रामीणों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगायी जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नागेंद्र ओझा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >