देश के विभिन्न राज्यों में नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने तथा कानून-व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में शनिवार के सुबह से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं. सारण के डीएम वैभव श्रीवास्तव एवं पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनीत कुमार के निर्देश पर परसा थाना क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर
परसा थानाध्यक्ष ओमप्रकाश तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में दरोगा राय चौक, पोझी चौक, परसा हाई स्कूल सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया. पुलिस पदाधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं.प्रशासन का कहना है कि धरना-प्रदर्शन के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है.किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा-अफवाह पर नहीं दें ध्यान
अधिकारियों ने आम लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है.साथ ही स्पष्ट किया गया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.इस दौरान पुलिस पदाधिकारी शिम्पल कुमार, राजू कुमार सिंह, रंजीत कुमार, योगेंद्र भगत, बोएलाल पासवान, असमान महतो, मनोज कुमार सहित दर्जनों पुलिस पदाधिकारी एवं जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे.प्रशासन द्वारा पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
