सारण में 9 सितंबर से राष्ट्रीय पोषण माह, आंगनबाड़ी केंद्रों को बनाया जाएगा पोषण गतिविधियों का केंद्र

9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा राष्ट्रीय पोषण माह। हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी संकल्प के साथ पोषण अभियान को जन-आंदोलन बनाने की तैयारी।

Saran News : महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार ने 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पोषण माह 2026 मनाने की घोषणा की है. इसको लेकर मंत्रालय की ओर से वर्चुअल उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सारण जिला प्रशासन ने भी सहभागिता दर्ज की. पोषण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए व्यापक स्तर पर गतिविधियों का संचालन किया जाएगा.

कई विभाग मिलकर चलायेंगे पोषण अभियान

राष्ट्रीय पोषण माह के सफल क्रियान्वयन के लिए समाज कल्याण, शिक्षा, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, कृषि, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, सूचना एवं जनसंपर्क, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, पंचायती राज, जीविका, राज्य स्वास्थ्य समिति, राज्य आयुष समिति, कला संस्कृति एवं युवा तथा नगर विकास एवं आवास विभाग सहित संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी. सभी विभाग आपसी समन्वय से पोषण संबंधी गतिविधियों को अभियान के रूप में संचालित करेंगे.

'हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी' पर रहेगा विशेष जोर

इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह के तहत 'हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी' के संकल्प के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण एवं बाल विकास गतिविधियों का प्रभावी केंद्र बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा. आंगनबाड़ी केंद्रों पर आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन युक्त पोषण आहार और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध ताजा एवं पौष्टिक भोजन को बढ़ावा देने के लिए गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. साथ ही सामुदायिक सहभागिता, स्वामित्व एवं जवाबदेही को भी बढ़ावा दिया जाएगा.

बच्चों और माताओं के पोषण पर भी होगी जागरूकता

राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन, बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को मिलने वाले लाभ एवं राशि के अंतरण से संबंधित जानकारी भी लोगों तक पहुंचायी जाएगी.

विद्यालयों से पंचायतों तक होंगे लगातार कार्यक्रम

पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों, पंचायतों एवं अन्य सामुदायिक स्थलों पर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को पोषण के प्रति जागरूक करने, स्वस्थ खान-पान की आदतों को बढ़ावा देने और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा.

अभियान को प्रभावी बनाने का निर्देश

जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया गया है. विभागों की संयुक्त सहभागिता से राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान पोषण संबंधी गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >