Saran News: नगरा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित प्रमुख कार्यालय में बुधवार को पंचायत समिति की बैठक नवनिर्वाचित प्रमुख मालती देवी की अध्यक्षता एवं उप प्रमुख संजय उपाध्याय की उपस्थिति में आयोजित की गई. बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अनुभव कुमार की देखरेख में हुआ. बैठक में प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई.
विभिन्न विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आंगनबाड़ी, राजस्व, स्वच्छता समेत विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की अद्यतन स्थिति से पंचायत प्रतिनिधियों को अवगत कराया. वहीं जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित सफाई की उठी मांग
कोरेया पंचायत के मुखिया ललित प्रसाद यादव उर्फ लाली राय ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के आसपास नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि गंदगी और कीड़े-मकोड़ों के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. इसलिए सभी केंद्रों पर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए विशेष पहल की जानी चाहिए.
अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने भी रखीं समस्याएं
तकिया पंचायत के मुखिया शैलेश कुमार यादव, जगदीशपुर पंचायत के मुखिया अशोक साह, अफौर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मिथलेश राय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने पंचायतों की विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया और आवश्यक कार्रवाई की मांग की.
विकास कार्यों में समन्वय और गुणवत्ता पर जोर
बैठक में विकास योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से धरातल पर उतारने, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा विभागों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया.
ये रहे उपस्थित
बैठक में बीडीओ अनुभव कुमार, सीओ अजय राठौर, प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विष्णु कुमार, कृषि पदाधिकारी रंजीत कुमार, चिकित्सा प्रभारी डॉ. द्वेषचंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. इसके अलावा कादीपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय कुमार मिश्रा, बीडीसी नीरज कुमार, शैलेश सिंह, जमाल हैदर, शीला देवी, गोकुल राम, अमृता सिंह, चंदा देवी, गुड़िया देवी सहित पंचायत समिति के सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें: बिहार में IMD ने जारी किया डबल अलर्ट, 6 से 8 से अगस्त तक जारी रहेगा आंधी-तूफान और भारी बारिश का दौर
