सारण में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर नगर निगम कर्मियों का प्रदर्शन,10% बढ़ोतरी और एरियर भुगतान की उठी मांग

Saran News: सारण में नगर निगम के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और लंबित एरियर भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. बारिश के बावजूद कर्मचारियों ने अपनी आवाज बुलंद की. मांगों पर आश्वासन के बाद आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है.

Saran News: नगर निगम के सफाई कर्मियों समेत अन्य दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और लंबित एरियर के भुगतान की मांग को लेकर बुधवार को नगर निगम मुख्यालय के मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया. झमाझम बारिश के बावजूद कर्मियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को बुलंद किया. अधिकारियों के आश्वासन के बाद फिलहाल आंदोलन समाप्त कर दिया गया, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई.

10 से 15 वर्षों से कर रहे हैं सेवा

बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन, छपरा नगर निगम शाखा के बैनर तले हुए प्रदर्शन का नेतृत्व अध्यक्ष सियाराम सिंह ने किया. उन्होंने कहा कि नगर निगम के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी पिछले 10 से 15 वर्षों से विभिन्न पदों पर कार्य कर रहे हैं, लेकिन कम मानदेय के कारण उनकी आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. महंगाई के इस दौर में वर्तमान वेतन से परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है.

10% वेतन वृद्धि और एरियर भुगतान की मांग

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि नगर निगम बोर्ड की वर्ष 2025-26 की बजट बैठक में सभी दैनिक कर्मियों के वेतन में प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव पारित किया गया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया. इसके अलावा वर्ष 2025 के अप्रैल, मई और जून माह के एरियर का भुगतान भी लंबित है.

सभी को एक समान वेतन देने पर जताई नाराजगी

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम में सफाई कर्मी, जमादार, चालक, लिपिक और सेनेटरी इंस्पेक्टर जैसे अलग-अलग पदों पर कार्यरत दैनिक कर्मचारियों को उनके पद के अनुरूप वेतन नहीं दिया जा रहा है. सभी को समान मानदेय दिया जा रहा है, जो उचित नहीं है.

10% वृद्धि होने पर इतना बढ़ेगा मानदेय

वर्तमान में दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मियों को प्रतिदिन 467 रुपये मानदेय मिलता है. यदि 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि लागू होती है तो प्रतिदिन करीब 47 रुपये की बढ़ोतरी होगी और दैनिक मानदेय लगभग 520 रुपये हो जाएगा. इससे कर्मचारियों को प्रति माह लगभग 1,400 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे.

करीब 352 कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

वेतन वृद्धि लागू होने पर नगर निगम के विभिन्न वर्गों के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को लाभ मिलेगा. इनमें शामिल हैं:

  • 330 दैनिक सफाई कर्मी
  • 30 दैनिक जमादार
  • 10 दैनिक ड्राइवर
  • 2 सेनेटरी इंस्पेक्टर
  • 10 दैनिक लिपिक

क्या बोले फेडरेशन अध्यक्ष

फेडरेशन के अध्यक्ष सियाराम सिंह ने कहा कि जब नगर निगम बोर्ड पहले ही हर वर्ष 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि का निर्णय ले चुका है, तो इसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन वृद्धि और एरियर का भुगतान नहीं हुआ तो कर्मचारी फिर आंदोलन करेंगे.

क्या बोले नगर आयुक्त

नगर आयुक्त रंजीत कुमार ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है. जो भी कार्रवाई नियमों के अनुरूप होगी, उसे किया जाएगा.

महापौर ने भी दिया सकारात्मक संकेत

महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें उचित हैं. बोर्ड से प्रस्ताव पहले ही स्वीकृत है. अब केवल प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जानी है. विभागीय नियमों के अनुसार जल्द निर्णय लिया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjay Bhardawaj

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >