Chhapra Multilevel Parking: शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और कार्यालयों के आसपास पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ रहे हैं. इसका असर शहर की यातायात व्यवस्था पर साफ दिखाई दे रहा है. आए दिन जाम लगने के साथ वाहन चोरी की आशंका भी बनी रहती है.
नगर निगम की वर्ष 2024 के नवंबर-दिसंबर में हुई बोर्ड बैठक में शहर में मल्टीलेवल पार्किंग जोन बनाने के प्रस्ताव पर सहमति बनी थी. जनवरी 2025 तक इसके लिए स्थल चयन किया जाना था, लेकिन करीब दो वर्ष बीतने के बाद भी जमीन का चयन नहीं हो सका है. इसके कारण परियोजना पर कोई ठोस प्रगति नहीं हो पाई है.
प्रमुख बाजारों में हर दिन लग रहा जाम
सुबह 10 बजे के बाद डाक बंगला रोड, दारोगा राय चौक, श्रीनंदन पथ, स्टेशन रोड और साहेबगंज रोड समेत कई व्यस्त इलाकों में सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने से यातायात प्रभावित होता है और लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ता है.
चार मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की योजना
प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग को तीन से चार मंजिल तक विकसित किया जाना है. इसमें एक साथ पांच हजार से अधिक कार और बाइक पार्क करने की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है. प्रत्येक मंजिल तक वाहनों की आवाजाही के लिए रैंप बनाया जाएगा. इसे महानगरों की तर्ज पर विकसित करने की योजना है.
नगर निगम को इसके लिए शहर के बीचोंबीच बड़े खाली भूखंड की आवश्यकता है. नगर निगम चौक, साहेबगंज, थाना चौक, पंकज सिनेमा रोड, डाक बंगला रोड, अस्पताल चौक, सरकारी बाजार, मौना, श्रीनंदन पथ और योगिनियां कोठी रोड जैसे इलाकों में सबसे अधिक पार्किंग की जरूरत महसूस की जा रही है.
कम जगह में अधिक वाहनों की होगी पार्किंग
योजना के अनुसार मल्टीलेवल पार्किंग में सीमित जगह में अधिक संख्या में वाहन पार्क किए जा सकेंगे. चारपहिया वाहन रैंप के माध्यम से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचेंगे, जबकि बाइक के लिए अलग व्यवस्था होगी. पूरे परिसर में सीसीटीवी निगरानी, ऑनलाइन पार्किंग व्यवस्था और रखरखाव के लिए नगर निगम कर्मियों की तैनाती का भी प्रस्ताव है.
वर्तमान में शहर में व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा लगभग नहीं है. सलेमपुर चौक पर केवल करीब 50 बाइक की क्षमता वाला छोटा पार्किंग स्थल है, जो शहर की जरूरतों के मुकाबले बेहद कम है.
क्या बोलीं डिप्टी मेयर
छपरा नगर निगम की डिप्टी मेयर रागिनी कुमारी ने कहा कि शहर में मल्टीलेवल पार्किंग बनाने का प्रस्ताव पहले ही स्वीकृत हो चुका है. हालांकि अब तक स्थल का चयन नहीं हो सका है. उन्होंने कहा कि जमीन चिन्हित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और स्थल चयन के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
