saran news : जगह के अभाव में शहर में नहीं बन पा रहा मल्टीलेवल पार्किंग जोन, रोजाना लग रहा जाम

saran news : नवंबर 2024 में ही आये प्रस्ताव पर बनी थी सहमति, नगर निगम को कराना है निर्माण, नगर निगम को चार मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग जोन का कराना है निर्माण

छपरा. गत वर्ष नवंबर-दिसंबर के बीच नगर निगम में बोर्ड की बैठक हुई थी. उस दौरान शहर में मल्टीलेवल पार्किंग जोन बनाये जाने के प्रस्ताव पर सहमति भी बन गयी थी.

जनवरी 2025 तक इसके निर्माण के लिए स्थल का चयन भी कर लेना था. लेकिन, अब तक स्थल चयन नहीं होने के कारण निर्माण को लेकर कोई पहल नहीं हुई. ऐसे में शहर में पार्किंग स्पेस के अभाव में हर दिन जाम की समस्या खड़ी हो रही है. मल्टीलेवल पार्किंग जोन को तीन से चार मंजिल तक बनाना है, जिसमें पांच हजार से अधिक कार व बाइकों को एक साथ लगाने की सुविधा मौजूद रहेगी. हर मंजिल तक वाहनों को पहुंचाने के लिए रैंप का निर्माण भी पार्किंग परिसर में होना है. महानगरों की तर्ज पर इसे डिजाइन करने की बात भी कही गयी थी. इसके लिए शहर में किसी बड़ी खाली जगह को चिह्नित किया जाना है, जहां चार मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग जोन बनाया जा सके.

शहर के मध्य में कराना है निर्माण

मल्टीलेवल पार्किंग परिसर का निर्माण शहर के मध्य में कराना है. चूंकि शहर के नगर निगम चौक, साहेबगंज, थाना चौक, पंकज सिनेमा रोड, डाक बंगला रोड, अस्पताल चौक, सरकारी बाजार, मौना, श्री नंदन पथ, योगिनियां कोठी रोड में सबसे अधिक पार्किंग की आवश्यकता है. इन इलाकों में प्रतिदिन पांच से आठ हजार छोटी-बड़ी गाड़ियां सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़ी की जाती हैं, जिससे शहर आये दिन जाम लगा रहता है. नगर निगम ने स्थल चयन के लिए एक टीम भी गठित की है.

कम जगह में अधिक वाहनों की हो सकेगी पार्किंग

मल्टीलेवल पार्किंग जोन में कम स्पेस में अधिक वाहनों को पार्क किया जा सकेगा. चार पहिया वाहन रैंप के माध्यम से दूसरे, तीसरे व चौथे मंजिल तक जा सकेंगे. वहीं बाइक को पहले व दूसरे मंजिल पर पार्क करने की व्यवस्था बनायी जायेगी. पूरा पार्किंग परिसर सीसीटीवी की निगरानी में होगा. यहां नगर निगम द्वारा मेंटेनेंस व देखरेख के लिए कर्मियों की नियुक्ति भी की जायेगी. पार्किंग की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी. विदित हो कि इस समय शहर में एक भी व्यवस्थित पार्किंग जोन नहीं है. सिर्फ शहर के सलेमपुर चौक पर एक छोटे से खाली स्पेस में 30 से 40 बाइकों की पार्किंग का इंतजाम किया गया है, जो पर्याप्त नहीं है.

क्या कहती हैं डिप्टी मेयर

गत वर्ष शहर में बहुमंजिला पार्किंग जोन बनाये जाने के प्रस्ताव पर सहमति बनी है. इसके लिए जगह का चयन करना है. हालांकि अभी तक उचित व पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी है. स्थल चयन के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जायेगी.

रागिनी देवी, डिप्टी मेयर, छपरा नगर निगम

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >