Saran News : मढ़ौरा प्रखंड सभागार में गुरुवार को विकास मित्रों और स्वास्थ्य कर्मियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और शत-प्रतिशत नियमित टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने को लेकर समीक्षा की गयी. इस दौरान कम टीकाकरण वाले पंचायतों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.
तीन पंचायतों में कम मिला टीकाकरण प्रतिशत
समीक्षा के दौरान अगहरा, हथिसार और रामपुर ओल्हनपुर पंचायतों में टीकाकरण का प्रतिशत अपेक्षाकृत कम पाया गया. अधिकारियों ने इन क्षेत्रों में विशेष रूप से जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया. साथ ही विकास मित्रों और स्वास्थ्य कर्मियों को आपसी समन्वय बनाकर टीकाकरण से वंचित बच्चों और परिवारों तक पहुंचने को कहा गया.
12 गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण
प्रखंड समन्वयक मनीष कुमार ने बताया कि बच्चों को टीबी, पोलियो और हेपेटाइटिस समेत 12 गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए 11 प्रकार के टीके लगाये जाते हैं. उन्होंने सभी कर्मियों से टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए घर-घर संपर्क करने और अभिभावकों को नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी देने की अपील की.
उन्होंने कहा कि लक्ष्य तभी पूरा हो सकता है, जब स्वास्थ्य कर्मी और विकास मित्र आपसी समन्वय के साथ काम करें और कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे.
बांह पर काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
बैठक के दौरान अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी रंजय कुमार सिंह ने बिहार कल्याण सेवा संवर्ग के पदाधिकारियों की विभिन्न मांगों के समर्थन में अपने कार्य अवधि के दौरान बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया. उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में सांकेतिक रूप से विरोध दर्ज कराया.
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं और नियमित टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा के साथ कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया.
