Smugglers Arrested: सारण पुलिस को मद्य निषेध अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है. मढ़ौरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2600 लीटर अवैध स्प्रिट से लदी एक पिकअप वैन को जब्त किया है. पुलिस ने मौके से वाहन चालक समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है.
अमनौर रोड से स्प्रिट ले जाने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि अमनौर रोड के रास्ते एक पिकअप वाहन पर भारी मात्रा में स्प्रिट लादकर तरैया और मढ़ौरा क्षेत्र में सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धेनुकी चौक के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी.
पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की. पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रोक लिया और चालक समेत तीन लोगों को पकड़ लिया.
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 2600 लीटर अवैध स्प्रिट बरामद हुई. पुलिस ने पिकअप वैन और स्प्रिट को जब्त कर लिया.
तीन तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परसा के चंदन कुमार, मढ़ौरा के अजीत कुमार और परसा के चंदन कुमार के रूप में हुई है.
इस मामले में मढ़ौरा थाना में कांड संख्या 694/26 के तहत बिहार मद्य निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
अन्य साथियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के आधार पर पुलिस स्प्रिट तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्प्रिट कहां से लाई गयी थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था.
