Saran News : मढ़ौरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप शनिवार को मुख्य सड़क पर हुए सड़क हादसे में दो अलग-अलग बाइकों पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
घायलों की हुई पहचान
घायलों की पहचान गौरा थाना क्षेत्र के चंदा अगहरा गांव निवासी 18 वर्षीय आदर्श कुमार और मढ़ौरा नगर परिषद के वार्ड संख्या-7 निवासी 26 वर्षीय मंटू कुमार के रूप में हुई है. अस्पताल में दोनों का इलाज शुरू किया गया.
टोटो के अचानक मुड़ने से हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंटू कुमार अपने पुत्र के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान एक अज्ञात टोटो चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया, जिससे मंटू की बाइक टोटो से टकरा गई और वह सड़क पर गिर पड़े. उसी समय मढ़ौरा बाजार की ओर जा रहे दूसरे बाइक सवार आदर्श कुमार भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरे मंटू से टकरा गए. इस दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
बच्चे को आई मामूली चोट
हादसे में मंटू कुमार का पुत्र भी आंशिक रूप से घायल हो गया. उसे अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया.
गंभीर हालत में मंटू को किया गया रेफर
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेश कुमार ने बताया कि मंटू कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया है. वहीं, आदर्श कुमार का इलाज मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल में जारी है.
हादसे के बाद फरार हुआ टोटो चालक
दुर्घटना के बाद अज्ञात टोटो चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
