सारण: मांझी के कुंवर टोली में जलजमाव से परेशानी, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

मांझी के कुंवर टोली में जलजमाव की गंभीर समस्या से लोग त्रस्त हैं. नाली और जल निकासी की व्यवस्था न होने से सड़क पर पानी भरा रहता है. स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है.

Saran News : नगर पंचायत मांझी के वार्ड नंबर-9 स्थित कुंवर टोली में जलजमाव की समस्या से लोगों का जीना मुहाल हो गया है. नाली और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर पानी जमा है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है. समस्या से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को कार्यपालक पदाधिकारी को हस्ताक्षरयुक्त सामूहिक ज्ञापन सौंपकर तत्काल जल निकासी की मांग की.

एक महीने से कार्यालय का चक्कर लगा रहे ग्रामीण

ग्रामीणों का आरोप है कि जलजमाव की समस्या को लेकर वे करीब एक महीने से नगर पंचायत कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं. इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है. ग्रामीणों के अनुसार, हर बार सिर्फ आश्वासन दिया जाता है, जबकि सड़क पर पानी जमा होने की स्थिति बनी हुई है.

बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी

स्थानीय निवासी शशिकांत शर्मा, दिवाकर शर्मा, मनोज शर्मा, सत्येन्द्र शर्मा, आदित्य कुमार, जीतेन्द्र चौधरी और सत्यनारायण यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के पानी की निकासी का कोई उचित रास्ता नहीं है. इसके कारण सड़क पर काफी मात्रा में पानी जमा हो गया है. जलजमाव से बच्चों, बुजुर्गों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है.

गंदगी और मच्छरों का बढ़ा प्रकोप

ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से आसपास गंदगी और दुर्गंध की समस्या बढ़ गयी है. मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है. इससे डेंगू, मलेरिया समेत अन्य बीमारियों का खतरा बना हुआ है. ग्रामीणों ने तत्काल पानी निकासी कराने की मांग की है.

पंप लगाकर पानी निकालने की मांग

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने स्थल का तत्काल निरीक्षण कराने, जमा पानी की निकासी कराने और भविष्य के लिए स्थायी नाला या ड्रेनेज की व्यवस्था करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक पंप लगाकर सड़क से पानी निकाला जाए.

जल्द जल निकासी का कार्य कराने का आश्वासन

इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी रक्षा लोहिया ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही स्थल का निरीक्षण कराया जायेगा और पानी निकासी की व्यवस्था की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >