saran News : मांझी थाना पुलिस ने सोमवार की अहले सुबह पशु तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर पशु लदे पिकअप को पकड़ लिया. पुलिस ने मौके से दो अंतर्राज्यीय पशु तस्करों को भी गिरफ्तार किया है. पिकअप से दो गाय और दो बछड़े बरामद हुए, जिन्हें बेहद क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाया जा रहा था.
बलिया मोड़ पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार सोमवार की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के बलिया से एक पिकअप पर मवेशियों को लादकर छपरा की ओर ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बिनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय बलिया मोड़ के पास घेराबंदी कर दी.
कुछ देर बाद जैसे ही पशुओं से लदी पिकअप बलिया मोड़ के पास पहुंची, पुलिस को देखकर चालक और तस्करों ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया. पुलिस टीम ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर पिकअप को पकड़ लिया.
पिकअप से दो गाय और दो बछड़े बरामद
पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें दो गाय और दो बछड़े मिले. पुलिस के मुताबिक सभी मवेशियों को काफी क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाया जा रहा था. पुलिस ने मवेशियों को सुरक्षित पशुशाला भेज दिया है.
यूपी के रहने वाले हैं गिरफ्तार तस्कर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के मनियर थाना क्षेत्र के बड़ा गांव खुटहां निवासी महंत यादव के पुत्र पंकज यादव और खेजुरी थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव निवासी राम इकबाल यादव के पुत्र सचिन यादव के रूप में हुई है.
सस्ते में खरीदकर बिहार में बेचते थे मवेशी
थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने स्वीकार किया है कि वे उत्तर प्रदेश से सस्ते दाम पर मवेशी खरीदकर बिहार में ऊंचे दाम पर बेचते थे. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि महज एक सप्ताह के अंदर पशु तस्करी के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है. इससे पहले भी मांझी थाना पुलिस ने पशु तस्करी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश किया था.
पशु तस्करी पर पुलिस की सख्त चेतावनी
थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि क्षेत्र में पशु तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने कहा कि तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
