सारण में ट्रक की टक्कर के बाद घायल छात्र को नहीं मिली समय पर मदद, बचाने के लिए काटना पड़ा पैर

सारण जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार एक छात्र को टक्कर मार दी। सड़क पर घायल पड़ा रहा, पर किसी ने मदद नहीं की। समय पर इलाज न मिलने के कारण छात्र की जान बचाने के लिए डॉक्टरों को उसका पैर काटना पड़ा।

सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत स्थित जीएस बंगरा गांव के डीएलएड छात्र रोहित कुमार के साथ हुई सड़क दुर्घटना ने तेज रफ्तार वाहनों के खतरे के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फोरलेन पर बिंटोलिया मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार रोहित कुमार और उनके बड़े भाई राहुल कुमार को पीछे से टक्कर मार दी.

सड़क पर तड़पते रहे घायल, नहीं मिली समय पर मदद

परिजनों के अनुसार हादसे के बाद दोनों भाई सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे. वे आने-जाने वाले राहगीरों से हाथ जोड़कर अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन कई वाहन चालक उन्हें नजरअंदाज कर आगे निकल गए. समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण रोहित कुमार की हालत और गंभीर होती चली गई.

ट्रक चालक को रोकने में भाई के साथ हुई मारपीट

घटना के बाद बड़े भाई राहुल कुमार ने साहस दिखाते हुए भाग रहे ट्रक को रोकने की कोशिश की और उसकी चाबी निकालने का प्रयास किया. परिजनों का आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने राहुल कुमार के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह भी घायल हो गए. फिलहाल उनका इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है.

जान बचाने के लिए डॉक्टरों को काटना पड़ा पैर

गंभीर रूप से घायल रोहित कुमार को पहले छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया. डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने के लिए उनका बायां पैर काटने का फैसला लिया.

परिजनों का कहना है कि यदि रोहित को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो संभव है कि उनका पैर बचाया जा सकता था. इस घटना ने सड़क दुर्घटना के बाद घायलों की मदद करने की जरूरत और मानवीय जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

पुलिस ने ट्रक किया जब्त, जांच जारी

घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. वहीं घायल छात्र के परिवार में घटना के बाद दुख का माहौल है.

बंटी यादव मर्डर केस; मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >