Rajendra Vidya Mandir: मकेर प्रखंड के राजेंद्र विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मकेर में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले परिचारी सह निम्नवर्गीय लिपिक विनोद राय के सम्मान में मंगलवार को विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य अंबिका राय ने की.
पूर्व प्राचार्य अंबिका राय ने कहा कि विनोद राय की नियुक्ति वर्ष 2000 में राजेंद्र विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मकेर में परिचारी के पद पर हुई थी. अपनी लगन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ उन्होंने करीब 25 वर्षों तक विद्यालय की सेवा की. वर्ष 2026 में उन्हें निम्नवर्गीय लिपिक के पद पर पदोन्नति मिली. इसके बाद उनका स्थानांतरण राय साहेब कलिका सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खलपुरा, छपरा के लिए हो गया.
विद्यालय के हर कार्य को जिम्मेदारी से निभाया
समारोह को संबोधित करते हुए माध्यमिक शिक्षा संघ के जिला सचिव विद्या सागर विद्यार्थी, पूर्व प्राचार्य महात्मा प्रसाद गुप्ता, प्राचार्य अनिता कुमारी, डॉ. सियाराम शर्मा, पूर्व शिक्षक राजेश्वर सिंह, पूर्व प्राचार्य राजेंद्र ठाकुर, नागेंद्र सिंह, ब्रह्मदेव सिंह, शिक्षक उपेंद्र शर्मा और अनीश कुमार ने विनोद राय के कार्यकाल की सराहना की.
वक्ताओं ने कहा कि विनोद राय ने विद्यालय में अपने कार्यकाल के दौरान हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाया. विद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों में उनका योगदान अतुलनीय रहा है. उनके व्यवहार और कार्यशैली से विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों को हमेशा सहयोग मिला.
भावुक हुआ विदाई समारोह का माहौल
विद्यालय में लंबे समय तक सेवा देने के बाद स्थानांतरण होने पर आयोजित समारोह में विनोद राय को सम्मानित किया गया. इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताये कार्यकाल को याद किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
विद्यालय की प्राचार्य अनिता देवी के नेतृत्व में आयोजित समारोह में प्राचार्य वीरेंद्र कुमार यादव, प्राचार्य विकास कुमार, घनश्याम चतुर्वेदी, सरपंच प्रतिनिधि बीरेंद्र राय, डॉ. शिव शंकर प्रसाद, गजेंद्र शर्मा, सुबोध बैठा, राज देव राम, राम लगन सिंह, विश्वमोहन सिंह, विजय कुमार प्रभात, अशोक कुमार, बिपिन भारद्वाज समेत सैकड़ों शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार
