Saran News: आगामी श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह पुख्ता इंतजाम की तैयारी में जुट गया है. इसी क्रम में प्रसिद्ध शिल्हौरी स्थित शिलानाथ मंदिर में सावन महीने में होने वाली संभावित भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार की देर शाम मढ़ौरा की एसडीएम निधि राज और डीएसपी सविंदर कुमार दास ने संयुक्त रूप से पूरे मंदिर परिसर का सघन निरीक्षण किया.
अरघा से होगा जलाभिषेक
अधिकारियों ने मंदिर की वर्तमान व्यवस्थाओं का काफी बारीकी से जायजा लिया. इस दौरान एसडीएम ने न्यास समिति को स्पष्ट निर्देश दिए कि सावन के दौरान जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई जाएं. उन्होंने सुगम तरीके से जलाभिषेक कराने के लिए मंदिर परिसर में मजबूत बैरिकेडिंग करने और अरघा के माध्यम से जलाभिषेक की व्यवस्था करने का कड़ा निर्देश दिया.
अतिक्रमण हटाने का निर्देश
एसडीएम ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर तक जाने वाले मुख्य संपर्क रास्ते से हर प्रकार के अतिक्रमण को तुरंत हटाने और मंदिर परिसर में साफ-सफाई के विशेष राउंड द क्लॉक इंतजाम करने को कहा है. उन्होंने साफ किया कि बुनियादी सुविधाओं में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. निरीक्षण के दौरान मंदिर के मुख्य पुजारी, न्यास समिति के सदस्य और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद थे.
पुलिस बल की होगी तैनाती
डीएसपी सविंदर कुमार दास ने सुरक्षा के कड़े इंतजामों पर विशेष जोर देते हुए संबंधित थानाध्यक्ष को निर्देश दिए कि मंदिर के गर्भगृह से लेकर मढ़ौरा-छपरा मुख्य मार्ग तक सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं. उन्होंने असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का आदेश दिया. प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं.
Also Read: सारण: मासूम के साथ महिला लापता, नकदी और जेवर भी ले जाने का लगाया आरोप
