Encounter In Bihar: सारण जिले के मशरक और पानापुर थाना के बॉर्डर इलाके में पुलिस और शराब माफियाओं के बीच रविवार की देर रात मुठभेड़ हो गई. पुलिस ने एक शराब माफिया के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस जहरीली शराब कांड को लेकर जांच के लिए पहुंची थी, इसी दौरान एनकाउंटर हुआ. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पानापुर थाना इलाके के मिथवा गांव निवासी मुन्नी महतो के 26 साल के बेटे सूरज महतो के रूप में हुई है.
क्या है पूरा मामला?
बताया जाता है कि सारण जिले में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि करीब 12 लोग गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराए गए थे. पीड़ितों का कहना था कि शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और आंखों से धुंधला दिखाई देने लगा. लेकिन इलाज के बाद सभी को अगले दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी.
घटना के बाद जिला प्रशासन ने शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान तेज कर दिया. जांच में पुलिस को सुराग मिला कि जहरीली शराब की सप्लाई पानापुर थाना इलाके के निवासी सूरज महतो ने की थी. इसके बाद वह फरार हो गया था.
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह कटिहार में छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस टीम ने कटिहार पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया और छपरा लाया. शराब की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसे लेकर मशरक-पानापुर बॉर्डर इलाके में छापेमारी करने पहुंची थी.
इसी दौरान उसके सहयोगियों ने उसे छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सूरज महतो के पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देर रात तक छापेमारी जारी रही.
शराब माफिया का इलाज जारी
घायल सूरज महतो को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर किया गया. ड्यूटी पर मौजूद डॉ. सुब्रत कुमार ने बताया कि गोली उसके पैर में लगी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है. फिलहाल उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
एसडीपीओ ने क्या बताया?
मशरक एसडीपीओ ने बताया कि जहरीली शराब कांड की जांच में सूरज महतो का नाम सामने आया था. उसे कटिहार से गिरफ्तार कर पुलिस शराब की बरामदगी के लिए लेकर गई थी. इसी दौरान उसके सहयोगियों ने पुलिस पर हमला कर दिया, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस को गोली चलानी पड़ी. फिलहाल, अन्य शराब माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
Also Read: राज्यसभा की 5 सीटों के लिए वोटिंग आज, रात 11 बजे तक NDA-महागठबंधन ने बिछाई बिसात
