छपरा से प्रभात किरण हिमांशु की रिपोर्ट
Saran News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) के अंतर्गत स्नातक (UG) सत्र 2026-30 में चार वर्षीय स्नातक कोर्स में दाखिला लेने के इच्छुक छात्रों के लिए महत्वपूर्ण खबर है. कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के अंतर्गत नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की 10 जून अंतिम तिथि है. विश्वविद्यालय का ऑनलाइन पोर्टल आज शाम तक ही खुला रहेगा.
50 हजार सीटों पर होना है नामांकन, अब तक आए 26,500 आवेदन
छपरा, सीवान और गोपालगंज जिलों में फैले जेपीयू के विभिन्न अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों में तीनों संकायों (Art, Science & Commerce) को मिलाकर कुल 50 हजार सीटों पर नामांकन होना है. विश्वविद्यालय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक करीब 26,500 छात्र-छात्राओं ने आवेदन फॉर्म भरा है. पिछले सत्र की तुलना में इस बार आवेदनों की संख्या फिलहाल कम देखी जा रही है.
छात्रों को सलाह : तिथि बढ़ने का इंतजार न करें
चूंकि सीटों के मुकाबले अब तक आए आवेदनों की संख्या लगभग आधी है, इसलिए कयास लगाए जा रहे हैं कि विश्वविद्यालय का छात्र कल्याण विभाग ऑनलाइन अप्लाई की तिथि को आगे बढ़ा सकता है. हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तिथि विस्तार को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे तिथि बढ़ने का इंतजार किए बिना आज ही अपना आवेदन सुनिश्चित कर लें.
आवेदन की प्रक्रिया और शुल्क
नामांकन के लिए ₹500 का आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है. छात्रों को जेपीयू के पोर्टल पर जाकर सबसे पहले लॉगइन क्रेडेंशियल (यूजर आईडी और पासवर्ड) जनरेट करना होगा. इसके बाद आवेदन फॉर्म भरकर, जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने होंगे. विश्वविद्यालय ने पोर्टल पर सभी कॉलेजों की सूची, उपलब्ध सीटें और फॉर्म भरने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के निर्देश भी अपलोड कर दिए हैं. फॉर्म को फाइनल सबमिट करने के बाद छात्रों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल पर पुष्टिकरण का नोटिफिकेशन भेज दिया जाएगा.
Also Read : छपरा में भीषण गर्मी और हीट वेव से अस्पतालों में बढ़े मरीज, तापमान 40 डिग्री पार
