Saran News: जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत हाल ही में शुरू किये गये 28 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए काउंसेलिंग की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. विश्वविद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सात से 10 अगस्त तक निर्धारित शेड्यूल के अनुसार काउंसेलिंग करायी जा रही है. शनिवार को भी विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में सुबह 10:30 बजे से चयनित अभ्यर्थियों की काउंसेलिंग हुई.
काउंसेलिंग के लिए विषयवार अलग-अलग टेबल बनाये गये हैं, जहां चयनित अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है. विश्वविद्यालय द्वारा पूर्व में ही अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है. अब विश्वविद्यालय आवंटित होने के बाद उनके सभी कागजातों का वेरिफिकेशन किया जा रहा है.
छह विषयों में होगी पढ़ाई, दो-दो शिक्षक होंगे नियुक्त
विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी 28 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में फिलहाल छह विषयों की पढ़ाई को स्वीकृति मिली है. प्रत्येक विषय के लिए दो-दो शिक्षकों की नियुक्ति की जानी है. इसी के तहत चयनित शिक्षकों की काउंसेलिंग और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है.
10 अगस्त को काउंसेलिंग का अंतिम दिन
विश्वविद्यालय की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार 10 अगस्त को काउंसेलिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी. इसके बाद 11 अगस्त से चयनित शिक्षकों को संबंधित राजकीय डिग्री कॉलेजों का आवंटन किया जायेगा. सभी शिक्षकों की नियुक्ति बिहार सरकार से प्राप्त निर्देशों के आलोक में संविदा के आधार पर की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
