Heat Wave in Bihar : (मनोज कुमार) सारण जिले के तरैया प्रखंड में पिछले तीन दिनों से प्रचंड गर्मी और तेज तपिश ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. आसमान से आग बरसने जैसी स्थिति बनी हुई है. सुबह से ही तेज धूप और उमस के कारण लोगों का घरों से निकलना कठिन हो गया है, जबकि दोपहर में तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है.
Saran News: दोपहर में सूनी पड़ रही सड़कें और बाजार
भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कें और बाजार लगभग खाली नजर आ रहे हैं. अत्यधिक तापमान की वजह से लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की आवाजाही में भारी कमी देखी जा रही है.
मजदूरों और किसानों पर सबसे ज्यादा असर
गर्मी का सबसे अधिक असर मजदूरों, किसानों, रिक्शा चालकों, दुकानदारों और खुले आसमान के नीचे काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण कई लोग लू और डिहाइड्रेशन की चपेट में आने लगे हैं. ऐसे में दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है.
Weather News:बिजली की आंख-मिचौली से बढ़ी परेशानी
भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली आने पर भी राहत नहीं मिल रही है, क्योंकि अत्यधिक गर्मी के कारण पंखे और कूलर भी गर्म हवा फेंक रहे हैं. इससे लोगों को चैन की सांस नहीं मिल पा रही है.
ट्रांसफार्मर जलने से उपभोक्ताओं में नाराजगी
गर्मी के कारण बिजली की खपत बढ़ने से कई जगहों पर ट्रांसफार्मर जलने की शिकायतें सामने आ रही हैं. तरैया बाजार स्थित पोस्ट ऑफिस चौक का ट्रांसफार्मर पिछले दो दिनों से जला हुआ है, जिससे आसपास के उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की है.
Saran Weather News: पेड़ों की छांव बनी सहारा
ग्रामीण इलाकों में लोग गर्मी से राहत पाने के लिए पेड़ों की छांव का सहारा ले रहे हैं. हालांकि लगातार बढ़ती गर्मी और उमस ने आम लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. मौसम में जल्द राहत नहीं मिलने पर लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है
