Saran News : आधे घंटे तक बंद रहा रेल फाटक, भीषण गर्मी में चार यात्री बेहोश

Chhapra News : दिघवारा रेलवे क्रॉसिंग पर गर्मी का कहर, लंबी देर तक फाटक बंद रहने से चार यात्री बेहोश, लोगों में आक्रोश

Saran News (अमित कुमार) : छपरा हाजीपुर सड़क मार्ग के मध्य दिघवारा का पश्चिम रेलवे ढाला यात्रियों के लिए सिर दर्द बन गया है और भीषण गर्मी में इस रेलवे क्रॉसिंग के लंबे समय तक बंद रहने के कारण हर दिन सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों का बुरा हाल हो जा रहा है.लंबी अवधि तक इस रेलवे क्रॉसिंग को बंद होने के कारण चिलचिलाती धूप में कई बार यात्रियों की स्थिति बिगड़ जाती है मगर इस तरफ रेलवे का कोई भी ध्यान नहीं है.

चार ट्रेनों के गुजरने के दौरान यात्रियों की बिगड़ी तबीयत

दोपहर में 35 से 40 डिग्री तापमान के बीच इस रेलवे क्रॉसिंग के समीप तीन से चार ट्रेनों को गुजारा जाता है,ऐसे में चिलचिलाती धूप में लगभग आधे घंटे तक ठहरने के कारण कई बार बुजुर्गों के अलावे बच्चों व रोगियों की स्थिति बिगड़ जाती है और फिर अन्य यात्रियों के सहयोग से स्थिति बिगड़े हुए यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया जाता है.बुधवार को यह रेलवे क्रॉसिंग दोपहर एक बजकर 15 मिनट से लेकर लगभग 1 बजकर 50 मिनट तक बंद रहा. इस दौरान चार ट्रेनों को क्रॉस करवाया गया.

दिघवारा रेलवे क्रॉसिंग पर गर्मी का कहर

ऐसे में रेलवे क्रॉसिंग के समीप गर्मी से बेहाल चार यात्री बेहोश हो गए जिससे अफरातफरी मच गई और अन्य यात्रियों के सहयोग से बेहोश यात्रियों को पास के दुकानों में लिटाया गया तब जाकर उनलोगों को होश आया.बेहोश हुए यात्रियों में दो महिला यात्री शामिल थी.लंबी अवधि तक रेलवे क्रॉसिंग के बंद रहने से यात्रियों को काफी आक्रोशित देखा गया. आपको बता दें कि दिघवारा रेलवे क्रॉसिंग को रेलवे द्वारा ट्रेन गुजारने के क्रम में लंबी अवधि तक बंद कर दिया जाता है.

लंबे समय तक फाटक बंद रहने से बढ़ रहा यात्रियों का गुस्सा

यह रेलवे क्रॉसिंग यात्रियों के लिए बुरे सपने से कम नहीं है.जब यात्रियों को यह रेलवे क्रॉसिंग खुला मिलता है तो वे लोग राहत की सांस लेते हैं.रेलवे क्रॉसिंग के लंबी अवधि तक हमेशा बंद रहने के कारण स्थानीय यात्रियों का गुस्सा पनप रहा है ऐसे में कभी भी इस रेलवे क्रॉसिंग के समीप यात्रियों व गेटमैन में झड़प हो सकती है.

यात्रियों ने गेटमैन की लापरवाही का लगाया आरोप

यात्री विजय कुमार सिंह,शुभम सिंह,जॉर्ज सी अब्राहम,संजीव कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस रेलवे क्रॉसिंग के समीप गेटमैन की तत्परता नहीं होने से रेलवे क्रॉसिंग लंबी अवधि तक बंद रहता है जो हमेशा विवाद का कारण बनता है.रेलवे क्रॉसिंग के समीप गर्मी में यात्री गर्मी से बचने के लिए अपना वाहन छोड़ इस रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित दुकानों में शरण लेते हैं तब जाकर यात्रियों को थोड़ी राहत मिलती है.

Also Read : मन्नत पूरी होने पर उड़ाए जाते हैं कबूतर, आस्था का केंद्र है बेलौरी शीतला मंदिर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >