Saran News : बनियापुर प्रखंड विकास पदाधिकारी रमेन्द्र कुमार के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनियापुर में स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य जांच अभियान की शुरुआत की गयी. इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं, बीसीएम और बीएचएम को स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गयी.
17 सितंबर से दो अक्तूबर तक चलेगा अभियान
प्रखंड समन्वयक धीरज कुमार ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम का संचालन 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक किया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य स्वच्छता से जुड़े कार्यों को गति देना, लोगों की भागीदारी बढ़ाना और स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता पैदा करना है.
उन्होंने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध स्वस्थ जीवन और बेहतर सामाजिक वातावरण से है. अपने गांव को सुंदर, स्वच्छ और स्वस्थ बनाये रखने के लिए सभी लोगों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए.
आशा कार्यकर्ताओं से पौधरोपण का किया अनुरोध
कार्यक्रम के दौरान सभी आशा कार्यकर्ताओं से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत अपने घर के आसपास पौधा लगाने का अनुरोध किया गया. स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया.
स्वास्थ्य जांच के बाद दी गयी आवश्यक दवाएं
स्वच्छता शिविर में विभिन्न पंचायतों में कार्यरत स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की गयी. जांच के बाद जरूरत के अनुसार कर्मियों को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध करायी गयीं. अधिकारियों ने स्वच्छता कर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहने की सलाह दी.
मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एम.एम. जाफरी, पर्यवेक्षक संजय कुमार सिंह, मो. इंतजार अहमद, मो. शमशील, राहुल सिंह, मुकेश कुमार, धीरज कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे.
