सारण के तरैया में गंडक नहर में 15 वर्षीय किशोरी के डूबने की आशंका, गोताखोरों ने की तलाश

सारण के तरैया थाना क्षेत्र में गंडक नहर में 15 वर्षीय किशोरी खुशबू कुमारी के लापता होने से सनसनी फैल गई है. सुबह तीन बजे से किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस और गोताखोर तेज बहाव के बावजूद नहर में तलाश कर रहे हैं.

Gandak Canal: तरैया थाना क्षेत्र के शाहनेवाजपुर गांव से होकर गुजरने वाली गंडक नहर में एक 15 वर्षीय किशोरी के डूबने या लापता होने का मामला सामने आया है. किशोरी की पहचान शाहनेवाजपुर गंडक नहर बांध किनारे बसे शत्रुघ्न नट और सोनाझड़ी देवी की पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

सुबह तीन बजे से लापता है किशोरी

परिजनों के अनुसार, खुशबू कुमारी शनिवार सुबह करीब तीन बजे से लापता है. परिजनों ने बताया कि तड़के करीब तीन बजे नहर की ओर से किसी के कूदने जैसी आवाज सुनाई दी थी. इसके बाद जब किशोरी अपने बिछावन पर नहीं मिली, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला.

सूचना पर पहुंची पुलिस, गोताखोरों ने की तलाश

घटना की सूचना मिलने के बाद तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली. इसके बाद स्थानीय चौकीदार की मदद से करीब आधा दर्जन गोताखोरों को नहर में उतारा गया. गोताखोरों ने करीब आधा किलोमीटर के क्षेत्र में किशोरी की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली.

नहर में पानी अधिक होने से तलाश में परेशानी

स्थानीय गोताखोर काफी देर तक तलाश करने के बाद थककर नहर से बाहर निकल गये. बताया जा रहा है कि गंडक नहर में पानी का बहाव और जलस्तर अधिक है, जिससे तलाशी अभियान में परेशानी हो रही है. समाचार प्रेषण तक शाहनेवाजपुर गंडक नहर पुल के समीप काफी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए थे और किशोरी की तलाश को लेकर जानकारी लेते रहे.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद से किशोरी के परिजन काफी परेशान हैं. परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं. स्थानीय लोगों की भीड़ नहर के आसपास जमा है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और किशोरी की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >