Gandak River Flood: गंडक नदी में संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. बुधवार को सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सारण तटबंध का निरीक्षण किया और बीडीओ, सीओ एवं थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
तटबंधों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सारण तटबंध की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों को तटबंध की लगातार निगरानी करने और किसी भी संभावित स्थिति से निबटने के लिए तैयार रहने को कहा.
निचले इलाकों में माइकिंग कर लोगों को किया गया सतर्क
डीएम से मिले दिशा-निर्देश के बाद स्थानीय प्रशासन ने सारण तटबंध के निचले इलाकों में माइकिंग कर लोगों को सचेत किया. लोगों से विशेष सावधानी बरतने और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की गयी.
अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है.
तटबंध की लगातार हो रही निगरानी
सीओ अजय कुमार ने बताया कि सारण तटबंध की सतत निगरानी की जा रही है. प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पूरी तरह सतर्क है और आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.
इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी मामले पर बोले सीएम सम्राट चौधरी, कहा- मैं किसी जाति या धर्म का विरोधी नहीं, सुशासन का समर्थक हूं
