सारण में स्टेट साइकिलिंग चैंपियनशिप में पूर्वी चंपारण विजेता, सीवान की टीम बनी उपविजेता

सारण में 18वीं सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप सफलतापूर्वक संपन्न हुई. पूर्वी चंपारण ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब जीता, जबकि सीवान उपविजेता रही. अब ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और स्टेट गेम्स में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे.

Saran Cycling Championship : साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के तत्वावधान में सारण में आयोजित 18वीं सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप का समापन हो गया. प्रतियोगिता के अंतिम दिन पूर्वी चंपारण के साइकिलिस्टों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 26 अंक के साथ ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. वहीं 23 अंक के साथ सीवान की टीम उपविजेता रही.

विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

प्रतियोगिता में सभी आयु वर्गों की स्पर्धाएं आयोजित की गईं. 10 किलोमीटर यूथ बालक वर्ग में पूर्णिया के अंशुमन झा ने स्वर्ण, रोहतास के आयुष कुमार ने रजत और कटिहार के नमन प्रिय ने कांस्य पदक जीता. यूथ बालिका वर्ग में पूर्वी चंपारण की सुप्रिया कुमारी ने स्वर्ण, रोहतास की राधा कुमारी ने रजत तथा गया की रजनी कुमारी ने कांस्य पदक अपने नाम किया.

सब-जूनियर बालक वर्ग में रोहतास के प्रिंस कुमार ने स्वर्ण, पूर्वी चंपारण के ऋतिक कुमार ने रजत और पश्चिम चंपारण के दशरथ कुमार ने कांस्य पदक जीता. सब-जूनियर बालिका वर्ग में वैशाली की शालिनी कुमारी ने स्वर्ण, मधेपुरा की पूजा कुमारी ने रजत और कटिहार की सीमा कुमारी ने कांस्य पदक हासिल किया.

जूनियर और सीनियर वर्ग में भी हुआ शानदार मुकाबला

जूनियर बालक वर्ग में पूर्णिया के आर्यन कुमार सिंह ने स्वर्ण, सीवान के शशि यादव ने रजत और पूर्वी चंपारण के शौर्य कुमार ने कांस्य पदक जीता. जूनियर बालिका वर्ग में सीवान की अमृता कुमारी ने स्वर्ण, पूर्वी चंपारण की सृष्टि कुमारी ने रजत तथा भागलपुर की आशा कुमारी ने कांस्य पदक हासिल किया.

20 किलोमीटर सीनियर पुरुष वर्ग में गया के प्रहलाद कुमार ने स्वर्ण, कैमूर के नीतीश कुमार ने रजत और कैमूर के विकास कुमार सिंह ने कांस्य पदक जीता. वहीं 20 किलोमीटर सीनियर महिला वर्ग में सारण की सुहानी कुमारी ने स्वर्ण, पूर्णिया की शालिनी कुमारी ने रजत तथा सीवान की गुड़िया कुमारी ने कांस्य पदक अपने नाम किया.

24-24 खिलाड़ियों का होगा स्टेट गेम्स के लिए चयन

साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव डॉ. कौशल किशोर सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता के आधार पर पुरुष और महिला वर्ग के 24-24 सर्वश्रेष्ठ साइकिलिस्टों का चयन किया गया है, जो सितंबर में बिहार ओलंपिक संघ की ओर से आयोजित स्टेट गेम्स में भाग लेंगे. इसके अलावा सभी आयु वर्गों के पदक विजेता खिलाड़ी दिसंबर में साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित राष्ट्रीय रोड साइकिलिंग चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे.

विजेताओं को किया गया सम्मानित

चैंपियनशिप के समापन पर अमनौर विधायक कृष्ण कुमार मंटू, छपरा विधायक छोटी कुमारी एवं एडीएम प्रमोद कुमार पांडेय ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया. आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इस अवसर पर एसडीएम सदर नितेश कुमार, मढ़ौरा एसडीएम निधि राज, साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ सारण के संरक्षक डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह, जिला अध्यक्ष डॉ. देव कुमार सिंह, सचिव संजीव चौधरी सहित बड़ी संख्या में खेल पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें : गोपालगंज के वसीम अकरम 10 साल की सजा के बाद दुबई से भारत लौटे, PM मोदी की पहल से मिली राहत



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat kiran himanshu

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >