अस्पतालों में लापरवाही पर DM सख्त, डॉक्टरों को समय पर पहुंचने और रेफरल कम करने का दिया निर्देश

डीएम वैभव श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक में डॉक्टरों को समय पर अस्पताल पहुंचने और मरीजों को बेहतर सुविधा देने के सख्त निर्देश दिए हैं।

Saran News : सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सख्त रुख अपनाया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी चिकित्सकों को समय पर अस्पताल पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा.

15 अगस्त से पहले रेफरल व्यवस्था सुधारने पर जोर

बैठक में डीएम ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए अस्पतालों से मरीजों को रेफर करने की व्यवस्था पर विशेष फोकस किया. उन्होंने सभी एमओआईसी को निर्देश दिया कि प्रत्येक रेफरल की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि जिस उपचार की सुविधा संबंधित अस्पताल में उपलब्ध है, उसके बावजूद मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर न किया जाए.

24 घंटे स्वास्थ्य सेवा और दवा उपलब्ध कराने के निर्देश

डीएम ने सभी अस्पतालों में 24 घंटे चिकित्सकीय सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही रोगी कल्याण समिति को सक्रिय करने, अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल खरीद (प्रोक्योरमेंट) करने को कहा.

आशा, एएनएम और टीबी अभियान की भी हुई समीक्षा

बैठक में आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति, एएनएम के कार्यों और संस्थागत प्रसव की स्थिति की समीक्षा की गई. डीएम ने निर्देश दिया कि जिन एएनएम की कार्यशैली से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, उनके खिलाफ रिपोर्ट भेजी जाए. उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की सराहना करते हुए समय पर लक्ष्य पूरा करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने का निर्देश भी दिया.

डॉक्टरों का रोस्टर होगा तय, दीवार पर लगेगा मोबाइल नंबर

जिलाधिकारी ने सभी पीएचसी और सीएचसी में डॉक्टरों एवं जीएनएम की आठ घंटे की रोस्टर ड्यूटी तय करने का निर्देश दिया. साथ ही अस्पतालों में चिकित्सकों और जीएनएम का नाम, मोबाइल नंबर और ड्यूटी रोस्टर दीवार पर प्रदर्शित करने को कहा, ताकि मरीजों को सुविधा मिल सके.

'बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता'

बैठक के अंत में डीएम वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी पदाधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से समन्वय, सेवा भावना और नैतिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा चेतावनी दी कि कर्तव्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >