सारण जिले में Saran Ration Card Campaign के तहत राशन कार्ड निर्माण अभियान में तेजी आई है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव स्वयं प्रतिदिन अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं. उनके निर्देश पर सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मी निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं.
31,998 आवेदन हुए प्राप्त
जिला प्रशासन के अनुसार अभियान के दौरान अब तक कुल 31,998 आवेदन प्राप्त हुए हैं. हाल के चरण में 4,938 नए आवेदन जमा किए गए हैं. प्रशासन का लक्ष्य पात्र लाभुकों तक जल्द से जल्द राशन कार्ड की सुविधा पहुंचाना है.
पारदर्शी तरीके से हो रहा आवेदनों का सत्यापन
राशन कार्ड के लिए प्राप्त आवेदनों का सत्यापन पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है. आवेदन मिलने के अगले ही दिन प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक स्तर के पदाधिकारी उसकी जांच कर रहे हैं, ताकि पात्र लाभार्थियों को बिना देरी के राशन कार्ड उपलब्ध कराया जा सके.
25 हजार से अधिक आवेदनों का सत्यापन पूरा
जिला प्रशासन के अनुसार अब तक 25,741 आवेदनों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है. वहीं 6,257 आवेदन अभी सत्यापन की प्रक्रिया में हैं. जांच के दौरान 285 आवेदन अस्वीकृत किए गए हैं. जिला प्रशासन का कहना है कि अभियान को पूरी पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
