Sonpur Shravani Mela : सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सोनपुर में आयोजित होने वाले श्रावणी मेला की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पहलेजा घाट और हरिहरनाथ मंदिर परिसर का जायजा लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और भीड़ प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. साथ ही आमी मंदिर और आमी घाट के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए.
डीएम ने किया निरीक्षण
श्रावणी मेला से पहले जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने पहलेजा घाट और हरिहरनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.
श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, नियंत्रण कक्ष, सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
डीएम ने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी से लगातार निगरानी, मजबूत बैरिकेडिंग और प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा. इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन और अवैध पार्किंग पर सख्ती बरतने का निर्देश भी दिया.
स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई और ठोस कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया. उन्होंने सिविल सर्जन को मेला अवधि के दौरान स्वास्थ्य शिविर लगाने और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
अधिकारियों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश
डीएम ने एसडीओ सोनपुर को भवन निर्माण विभाग से बैरिकेडिंग की मजबूती, विद्युत विभाग से बिजली व्यवस्था तथा आपदा प्रबंधन विभाग से सुरक्षा इंतजामों का प्रमाण पत्र प्राप्त करने का निर्देश दिया, ताकि मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन हो सके.
आमी मंदिर और आमी घाट के विकास पर भी हुई चर्चा
श्रावणी मेला स्थल के निरीक्षण से पहले जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता, उप समाहर्ता भूमि सुधार, सोनपुर और अंचलाधिकारी दिघवारा के साथ आमी मंदिर एवं आमी घाट का भी निरीक्षण किया. इस दौरान मंदिर के समग्र विकास और आमी घाट के विस्तार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
भूमि मापी कर विस्तृत नक्शा तैयार करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मंदिर और आसपास की पूरी भूमि की मापी कर जल्द विस्तृत नक्शा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस स्थल के विकास के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
Also Read : सारण में आज तेज बारिश और वज्रपात का अलर्ट, दोपहर बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD की चेतावनी
