सारण में 28 सितंबर से शुरू होगी जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता,खिलाड़ियों के लिए दस्तावेज निर्धारित

सारण में 28 सितंबर से 18 खेलों की जिला स्तरीय विद्यालय प्रतियोगिता शुरू हो रही है। 1 से 4 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में अंडर-14, 17, 19 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

Saran News : सारण में जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 28 सितंबर से शुरू होगा. चार दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता एक अक्टूबर तक आयोजित की जायेगी. इस दौरान एथलेटिक्स, भारोत्तोलन, योग, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कुश्ती, ताइक्वांडो, फुटबॉल, शतरंज, खो-खो, जूडो, क्रिकेट, हैंडबॉल, रग्बी, बॉक्सिंग, सेपकटकरा और साइकिलिंग समेत 18 खेलों के मुकाबले होंगे. प्रतियोगिता को लेकर जिला स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं.

अलग-अलग खेल स्थलों पर होंगे मुकाबले

सभी 18 प्रतियोगिताओं के लिए अलग-अलग आयोजन स्थल निर्धारित किये गये हैं. इनमें खेल भवन-सह-व्यायामशाला, राजेंद्र स्टेडियम, जयप्रकाश विश्वविद्यालय, जिला स्कूल, राजपूत उच्च विद्यालय सहित विभिन्न प्रखंडों के खेल मैदान शामिल हैं.

जिला खेल पदाधिकारी डॉ विभा भारती के अनुसार प्रतियोगिता का उद्घाटन 28 सितंबर को सुबह 7:30 बजे शहर स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला में किया जायेगा. इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न खेलों के मुकाबले शुरू होंगे.

प्रतियोगिता में मुख्य रूप से अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे.

28 सितंबर को एथलेटिक्स से होगी शुरुआत

28 सितंबर को एथलेटिक्स के बालक वर्ग के मुकाबले जयप्रकाश विश्वविद्यालय में होंगे. भारोत्तोलन, योग और कबड्डी के मुकाबले खेल भवन-सह-व्यायामशाला में आयोजित किये जायेंगे. खो-खो का आयोजन राजेंद्र स्टेडियम में होगा.

इसी दिन राजेंद्र स्टेडियम में क्रिकेट और उच्च विद्यालय मशरक में हैंडबॉल के मुकाबले भी होंगे.

29 सितंबर को बालिका वर्ग के मुकाबले

29 सितंबर को एथलेटिक्स की बालिका प्रतियोगिता जयप्रकाश विश्वविद्यालय में आयोजित होगी. भारोत्तोलन के साथ कबड्डी के बालिका वर्ग, बैडमिंटन और शतरंज के मुकाबले खेल भवन और राजपूत उच्च विद्यालय में होंगे.

खो-खो की बालिका प्रतियोगिता राजेंद्र स्टेडियम में आयोजित की जायेगी. विभिन्न खेलों में बालिका खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा.

30 सितंबर को कई खेलों के मुकाबले

30 सितंबर को वॉलीबॉल के बालक वर्ग, फुटबॉल के बालक वर्ग, जूडो, क्रिकेट के बालक वर्ग, बॉक्सिंग, सेपकटकरा, साइकिलिंग और बास्केटबॉल के मुकाबले विभिन्न खेल स्थलों पर आयोजित होंगे.

बास्केटबॉल प्रतियोगिता राम जंगल सिंह कॉलेज, दिघवारा में होगी. सेपकटकरा का आयोजन भगवान बाजार स्थित भागवत विद्यापीठ में और साइकिलिंग प्रतियोगिता हवाई अड्डा परिसर में करायी जायेगी.

एक अक्टूबर को बालिका वर्ग के साथ कुश्ती और रग्बी

प्रतियोगिता के अंतिम दिन एक अक्टूबर को वॉलीबॉल और फुटबॉल के बालिका वर्ग के मुकाबले होंगे. इसके साथ कुश्ती, ताइक्वांडो और रग्बी के मुकाबले भी आयोजित किये जायेंगे.

कुश्ती, ताइक्वांडो सहित अन्य इनडोर मुकाबलों के लिए खेल भवन को केंद्र बनाया गया है, जबकि फुटबॉल का मुकाबला राजेंद्र स्टेडियम में होगा.

खिलाड़ियों के लिए दस्तावेज और समय निर्धारित

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को योग्यता प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पिछले वर्ग का अंकपत्र, जन्म प्रमाणपत्र और विद्यालय परिचय पत्र समेत निर्धारित दस्तावेज जमा करने होंगे.

खिलाड़ियों को प्रतियोगिता स्थल पर सुबह 9:30 बजे तक रिपोर्ट करना अनिवार्य किया गया है. प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को मूल आधार कार्ड अथवा विद्यालय परिचय पत्र साथ रखना होगा. इसके अलावा खिलाड़ियों को अपनी खेल पोशाक और खेल किट के साथ दल प्रभारी के साथ प्रतियोगिता में शामिल होना होगा.

प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर स्कूली खिलाड़ियों में उत्साह है. जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >