प्रभात खबर की खबर का असर: तीन दिन पहले उठाया मुद्दा, अब छपरा की सड़कों और ड्रेनेज सुधारने में जुटा प्रशासन

छपरा शहर की बदहाल सड़कों और जलजमाव की समस्या को प्रभात खबर ने प्रमुखता से उठाया था. इसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है. जिलाधिकारी ने सड़कों, ड्रेनेज और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाओं की समीक्षा शुरू कर दी है.

Saran Nagar Nigam : सारण जिला मुख्यालय छपरा की बदहाल सड़कों, जलजमाव और ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर प्रभात खबर ने तीन दिन पहले प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था. खबर में शहर की जर्जर सड़कों, खराब ड्रेनेज सिस्टम और स्ट्रीट लाइट की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था. खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शहर की व्यवस्था सुधारने के लिए विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा शुरू कर दी है.

सड़क और जल निकासी व्यवस्था में होगा सुधार

जिलाधिकारी ने बुडको, आरसीडी और नगर निगम की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं का अपडेट लिया है. इसके बाद उन्होंने यूटिलिटी शिफ्टिंग, जल निकासी, ड्रेनेज, सड़क निर्माण और सीवरेज समेत छपरा शहर के समग्र विकास से जुड़े कार्यों पर फोकस किया है. प्रशासन की कोशिश है कि शहर की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को विभागों के बीच समन्वय बनाकर दूर किया जाये.

एनएच-19 के लेफ्ट आउट पोर्शन का होगा काम

शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सबसे पहले एनएच-19 को दुरुस्त करने की कवायद शुरू की है. एनएच-19 के लेफ्ट आउट पोर्शन में आवश्यक यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम शुरू कराया जाना है. इसके लिए संबंधित विभागों से आवश्यक जानकारी और एस्टीमेट मांगा गया है.

बताया गया कि विद्युत विभाग की ओर से अभी तक आवश्यक एस्टीमेट उपलब्ध नहीं कराया गया है. ऐसे में जिन विभागों की ओर से काम में लापरवाही बरती जा रही है, उनकी जानकारी भी मांगी जा रही है. एनएच-19 के लेफ्ट आउट पोर्शन के लिए री-टेंडर से संबंधित प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया है.

सभी 45 वार्ड का होगा नए सिरे से सर्वेक्षण

छपरा नगर निगम क्षेत्र के सभी 45 वार्डों का नए सिरे से सर्वेक्षण कराया जायेगा. इस दौरान यह पता लगाया जायेगा कि किन इलाकों में जलजमाव की समस्या है और उसके पीछे क्या कारण हैं. जहां ड्रेनेज की जरूरत होगी, वहां ड्रेनेज की व्यवस्था विकसित की जायेगी. वहीं जिन इलाकों में सड़क निर्माण या मरम्मत की आवश्यकता होगी, वहां संबंधित कार्य कराया जायेगा.

प्रशासन की ओर से पूरे छपरा शहर के लिए सड़क और ड्रेनेज व्यवस्था का समग्र प्लान तैयार किया जा रहा है. इससे अलग-अलग इलाकों की समस्याओं का आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर काम कराने की योजना है.

विभागों के बीच समन्वय से होगा काम

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शहर को बेहतर लुक देने और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए अपने स्तर से तैयारी शुरू कर दी है. उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है. सड़क, ड्रेनेज, जल निकासी, सीवरेज और यूटिलिटी शिफ्टिंग से जुड़े कार्यों को एक साथ ध्यान में रखकर योजना तैयार की जा रही है.

प्रभात खबर ने उठाया था शहर की बदहाली का मुद्दा

छपरा शहर में प्रवेश करने वाले लोगों से लेकर स्थानीय नागरिकों तक को लंबे समय से खराब सड़क, जलजमाव और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. प्रभात खबर ने इन समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था. अब जिला प्रशासन के स्तर पर कार्रवाई शुरू होने से शहरवासियों को सड़क और ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है.

क्या बोले अधिकारी

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी नीना झा ने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से छपरा शहर को बेहतर लुक देने के लिए तैयारी शुरू कर दी गयी है. सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >