छपरा में बहते पानी में हो रही थी नाले की ढलाई, शिकायत पर 20 फीट निर्माण तुड़वाकर कराया गया दोबारा काम

Saran News : सारण के दौलतगंज में नाले के निर्माण में अनियमितता का मामला सामने आया है. बहते पानी में हो रही ढलाई का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध किया. शिकायत पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और गड़बड़ी मिलने पर 20 फीट नाला तुड़वाकर नए सिरे से निर्माण कराने का आदेश दिया.

Saran News : शहर के वार्ड संख्या-9 स्थित दौलतगंज में नाले के निर्माण कार्य में कथित अनियमितता सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया. आरोप है कि बहते पानी के बीच ही नाले की ढलाई की जा रही थी. लोगों ने इसका वीडियो बनाकर महापौर समेत जिला प्रशासन के अधिकारियों को भेजा, जिसके बाद निर्माण कार्य तत्काल रोक दिया गया.

शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे निगम के अधिकारी

मामला महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए. शिकायत मिलने के बाद नगर निगम के कार्यपालक अभियंता रविकांत कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया.

गड़बड़ी मिलने पर 20 फीट नाला तुड़वाया

जांच के दौरान निर्माण कार्य में अनियमितता पाए जाने पर कार्यपालक अभियंता ने संवेदक को मौके पर बुलाकर नाले का निर्माण नए सिरे से कराने का निर्देश दिया. उनकी मौजूदगी में करीब 20 फीट तक बने नाले को तुड़वाया गया और उसके बाद दोबारा ढलाई कराई गई. निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता राहुल कुमार समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे.

गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शुरुआत से ही नाले के निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही थी. निवासी शशि कुमार ने बताया कि सोमवार दोपहर नाले में पानी भरा होने के बावजूद ढलाई की जा रही थी. इससे सीमेंट पानी में बह रहा था और केवल कंक्रीट बच रहा था. वहीं, स्थानीय निवासी संतोष कुमार राय ने कहा कि निर्माण कार्य में जिस तरह की लापरवाही बरती जा रही है, उससे यह नाला पहली ही सफाई में क्षतिग्रस्त हो सकता है.

कार्यपालक अभियंता ने क्या कहा

कार्यपालक अभियंता रविकांत कुमार ने बताया कि शिकायत मिलते ही वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान जो भी गड़बड़ी सामने आई, उसे तत्काल दूर कराया गया. उन्होंने कहा कि करीब 20 फीट नाले को तुड़वाकर नए सिरे से उसकी ढलाई कराई गई है.

महापौर बोले- शिकायत पर तुरंत कराई गई जांच

महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने इसकी जानकारी नगर आयुक्त को दी और तत्काल कार्रवाई करने को कहा. नगर आयुक्त के निर्देश पर इंजीनियरों ने मौके पर पहुंचकर जांच की. उन्होंने कहा कि जहां भी निर्माण कार्य में गड़बड़ी मिलेगी, उसे ठीक कराया जाएगा और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

Also Read : सीवान फायरिंग मामले पर डीएम का बयान, 'स्वचालित हथियार से गोली लगने की पुष्टि नहीं', वायरल वीडियो के बाद सिपाही निलंबित



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandrashekhar Saran

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >