सारण: मांझी में बाढ़ से सैकड़ों एकड़ धान की फसल डूबने की कगार पर, कई गांवों का संपर्क टूटा

मांझी में मूसलाधार बारिश के बाद दाहा और बोहटा नदी का जलस्तर बढ़ने से कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। धान की फसल बर्बाद और संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हुआ।

Saran News : बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश के बाद दाहा और बोहटा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है. इससे प्रखंड के पश्चिमी क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गयी है. बाढ़ के कारण मुबारकपुर पंचायत के सिधरिया टोला, मैनपुरवा और भट्ठा गांव का मुख्य बाजार महम्मदपुर से संपर्क पूरी तरह कट गया है.

पुल के ऊपर से बह रहा बाढ़ का पानी

सिधरिया टोला के पास बोहटा नदी पर बने दो ढोलकिया पुलों से लगातार बाढ़ का पानी बह रहा है. इससे आसपास के सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल डूबने की कगार पर पहुंच गयी है. स्थानीय ग्रामीण ईश्वर चंद सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से मिट्टी भरी बोरियां डालकर पानी रोकने का प्रयास किया गया था, लेकिन तेज बहाव में सभी बोरियां बह गयीं. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है.

मुख्य सड़क पुल पर चढ़ा दो फुट पानी

मुबारकपुर को महम्मदपुर बाजार से जोड़ने वाले मुख्य सड़क पुल पर दाहा नदी का करीब दो फुट पानी चढ़ गया है. इसके कारण इस रास्ते पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि पुल का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं कराया गया और सड़क-पुल की ऊंचाई कम रखी गयी है. इसी वजह से हर साल बाढ़ के दौरान पुल पर पानी चढ़ जाता है और लोगों को परेशानी होती है.

हरिजन टोली के घरों में घुसने लगा पानी

बोहटा नदी का पानी बढ़ने से मुबारकपुर हरिजन टोली चारों तरफ से पानी से घिर गयी है. कई घरों में पानी घुसने लगा है. वहीं कोडर के पास मुख्य सड़क पर भी पानी जमा होने से ग्रामीण नाव के सहारे आवागमन कर रहे हैं. नदी किनारे रहने वाले लोगों को पानी के साथ कीड़े-मकोड़ों का भी डर सता रहा है.

फसल बर्बाद होने से किसानों की चिंता बढ़ी

ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के कारण हर साल फसल को नुकसान होता है, लेकिन समय पर सरकारी सहायता नहीं मिल पाती है. इस बार भी धान की फसल डूबने की स्थिति में पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गयी है. बाजार जाने के लिए लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है.

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बाढ़ प्रभावित इलाकों में तत्काल राहत और आवागमन की व्यवस्था करने के साथ ऊंचे पुल के निर्माण तथा फसल क्षति का मुआवजा देने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >