छपरा से संजय भारद्वाज की रिपोर्ट
Cm Saran Visit: सारण जिले के चिरांद में 29 जून को आयोजित होने वाले चिरांद चेतना महोत्सव और गंगा महाआरती को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन से पहले जिलाधिकारी वैभव कुमार और एसएसपी विनित कुमार ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर क्या तैयारियां चल रही हैं?
29 जून को आयोजित होने वाले चिरांद चेतना महोत्सव एवं भव्य गंगा महाआरती कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर जिलाधिकारी वैभव कुमार और एसएसपी विनित कुमार ने चिरांद स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान किन व्यवस्थाओं की समीक्षा हुई?
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, पार्किंग, वीआईपी आगमन, मंच व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए.
अधिकारियों को क्या निर्देश दिए गए?
जिलाधिकारी ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और अतिथियों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करें.
चिरांद चेतना महोत्सव का क्या है महत्व?
चिरांद विकास परिषद और गंगा समग्र उत्तर बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चिरांद चेतना महोत्सव एवं गंगा महाआरती इस वर्ष अपने 19वें आयोजन में प्रवेश कर रहा है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इसके अलावा धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा.
निरीक्षण के दौरान कौन-कौन रहे मौजूद?
निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अंचलाधिकारी आंचल कुमारी, डोरीगंज थानाध्यक्ष राजशेखर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. 29 जून को होने वाले कार्यक्रम को लेकर प्रशासन सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए आने वाले दिनों में तैयारियों की लगातार समीक्षा की जाएगी.
Also Read: मढ़ौरा में भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर के विरोध में कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच की मांग
