छपरा सदर अस्पताल में बढ़ी कैंसर स्क्रीनिंग की रफ्तार, 21,489 मरीजों की जांच कर बनाया नया रिकॉर्ड

Sadar Hospital Chapra: छपरा सदर अस्पताल परिसर में कैंसर स्क्रीनिंग की रफ्तार तेज हो गई है. एक साल में 21,489 लोगों की जांच कर एक नया रिकॉर्ड बनाया गया है, जिसमें मुख, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की पहचान की गई. समय पर स्क्रीनिंग और इलाज के महत्व को समझें.

Sadar Hospital Chapra: सारण जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल छपरा के परिसर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल, मुजफ्फरपुर के पेरिफेरिक कैंसर सेंटर के चिकित्सकों द्वारा ओपीडी में कैंसर स्क्रीनिंग की जा रही है. स्क्रीनिंग के माध्यम से महिला और पुरुषों में मुख्य रूप से मुख कैंसर, जबकि महिलाओं में स्तन कैंसर और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की पहचान की जा रही है. संदिग्ध मरीजों की जांच के बाद जरूरत के अनुसार बायोप्सी भी करायी जाती है.

एक साल में 21,489 लोगों की हुई माउथ स्क्रीनिंग

सदर अस्पताल परिसर स्थित ओपीडी में संचालित होमी भाभा कैंसर संस्थान सह शोध संस्थान के डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक कुल 21,489 लोगों की माउथ स्क्रीनिंग की गयी. इनमें 11,701 महिलाएं और 9,788 पुरुष शामिल हैं.

11,701 महिलाओं में 3,691 महिलाओं की स्तन कैंसर की जांच की गयी. जांच के दौरान 33 संदिग्ध और 13 हाई रिस्क वाली महिला मरीजों की पहचान की गयी. वहीं, 1,408 महिलाओं की गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच की गयी, जिसमें 24 संदिग्ध और छह हाई रिस्क वाली महिला मरीजों की पहचान हुई.

अप्रैल से जुलाई तक 5,654 मरीजों की स्क्रीनिंग

अप्रैल 2026 से जुलाई 2026 तक 5,654 मरीजों की स्क्रीनिंग की गयी. इसमें 105 संदिग्ध मरीजों और 22 हाई रिस्क वाले मरीजों की पहचान हुई है. संदिग्ध मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आगे की जांच करायी जा रही है.

समय पर जांच से कैंसर का इलाज संभव

होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की महिला चिकित्सक डॉ. पारुल ने बताया कि कैंसर का इलाज असंभव नहीं, बल्कि संभव है. इसके लिए समय पर जांच कराने के साथ शुरुआती दौर में दिखाई देने वाले लक्षणों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. शुरुआती स्तर पर कैंसर की पहचान होने से इलाज में काफी मदद मिलती है.

प्रखंड स्तर पर भी संभावित मरीजों की हो रही जांच

जिला गैर संचारी रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. भूपेंद्र कुमार ने बताया कि जिले के सभी प्रखंड मुख्यालय स्थित स्वास्थ्य संस्थानों में संभावित मरीजों की जांच सुनिश्चित की जा रही है. कैंसर के शुरुआती लक्षण दिखाई देने वाले मरीजों को विशेष जांच के लिए सदर अस्पताल छपरा के ओपीडी में संचालित कैंसर सेंटर भेजा जाता है.

यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच की जाती है. जांच में कैंसर की पुष्टि होने पर मरीजों को अस्पताल की ओर से कीमोथेरेपी के साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध करायी जाती हैं.

इसे भी पढ़ें: 2130 करोड़ से बदलेगी बिहार के इन 3 पर्यटन स्थलों की तस्वीर, जानिए सरकार का मेगा प्लान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >