छपरा-हाजीपुर फोरलेन पर हादसा, ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

छपरा-हाजीपुर फोरलेन पर सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया. पट्टी पुल हादसों का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है, जिस पर स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त की है.

छपरा-हाजीपुर फोरलेन सड़क पर दरियापुर थाना क्षेत्र के पट्टी पुल के पास सोमवार देर शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान सज्जनपुर गांव निवासी 25 वर्षीय मनीष कुमार साह के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक जीतू शर्मा का इलाज चल रहा है.

काम से लौटने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार दोनों युवक स्प्लेंडर बाइक से शीतलपुर की ओर गए थे. लौटने के दौरान पट्टी पुल के पास बन रहे नए पुल के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को कुचल दिया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दरियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

शव सड़क पर रहने से आधे घंटे तक जाम

घटना के बाद परिजनों के विलाप और सड़क पर शव पड़े रहने के कारण करीब आधे घंटे तक फोरलेन पर वाहनों का परिचालन बाधित रहा. बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और यातायात बहाल कराया. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया.

पट्टी पुल बना हादसों का हॉटस्पॉट

स्थानीय लोगों का कहना है कि पट्टी पुल फोरलेन चौराहे और नए पुल के आसपास लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. चारों दिशाओं से वाहनों की आवाजाही और अधूरे पुल निर्माण के कारण यहां दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों के अनुसार इस क्षेत्र में अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. लोगों ने यहां गोलंबर और स्थायी यातायात व्यवस्था की मांग की है.

एक माह के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

ग्रामीणों ने बताया कि मनीष कुमार साह की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और हाल ही में उन्होंने अपनी पहली शादी की सालगिरह मनाई थी. उनका एक माह का बेटा है. हादसे के बाद पत्नी पूजा, मां रेखा देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे सज्जनपुर गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >