Saran News : स्थानीय थाना क्षेत्र के एसएच-73 अमनौर–सोनहो मुख्य मार्ग पर खोरीपाकर खर्ग गांव के समीप बुधवार देर रात तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसे में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया.
उड़ीसा से सीवान जा रहे थे सभी यात्री
जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग उड़ीसा से सीवान जा रहे थे. बुधवार रात करीब 11 बजे खोरीपाकर खर्ग गांव के पास पहुंचते ही चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया.
शीशा तोड़कर निकाले गए घायल
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बोलेरो का शीशा तोड़कर उसमें फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
एक का सीएचसी, अन्य का निजी क्लीनिक में इलाज
घायलों में उड़ीसा निवासी देवानंद तमारिया का उपचार स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कराया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज एक निजी क्लिनिक में कराया गया. हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा.
