Saran News: बिहार सरकार द्वारा राज्य में पंचायती राज संस्थाओं के सशक्तिकरण और लंबे समय से लंबित पंचायतों के परिसीमन कराने के निर्णय का जनप्रतिनिधियों ने जोरदार स्वागत किया है. इसी क्रम में सोमवार को मढ़ौरा प्रखंड सभागार में आयोजित त्रिस्तरीय जनप्रतिनिधि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सरकार के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए 'धन्यवाद व साधुवाद यात्रा' निकाली गई.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश मुखिया संघ के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार राय ने इस निर्णय को ऐतिहासिक करार दिया. उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले 36 वर्षों से परिसीमन नहीं होने के कारण प्रशासनिक और विकास कार्यों में बाधा आ रही थी. श्री राय ने कहा कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की तुलना में बिहार में पंचायतों की संख्या काफी कम थी, जिससे बढ़ती आबादी के अनुरूप विकास कार्य नहीं हो पा रहे थे.
उन्होंने कहा कि इस निर्णय के बाद राज्य में पंचायतों की संख्या 8,053 से बढ़कर 15 से 20 हजार तक होने की संभावना है. इससे जमीनी स्तर पर विकास कार्यों में तेजी आएगी और युवाओं को राजनीति में नई भागीदारी का अवसर मिलेगा.
इस अवसर पर सरकार द्वारा पंचायती राज व्यवस्था में किए गए अन्य सुधारों, जैसे पंचायत सरकार भवनों का निर्माण, जनप्रतिनिधियों के वेतन-भत्ते में ढाई गुना वृद्धि और प्रशासनिक सुधारों की भी सराहना की गई.
मुखिया संघ ने घोषणा की कि इस ऐतिहासिक निर्णय के उपलक्ष्य में पटना के बापू सभागार में एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्घाटन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे.
कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया पन्ना लाल सिंह, हरेंद्र राय, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सुरेंद्र राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
