Madhaura Police Station: मढ़ौरा थाना क्षेत्र के बिंद बहुआरा गांव के वार्ड नंबर 4 में बंद पड़े एक घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया. चोरों ने घर के ताले तोड़कर टीवी, इन्वर्टर, गैस, पानी की मशीन समेत घरेलू बर्तन और अन्य सामान चोरी कर लिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने मढ़ौरा थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की है.
ग्रामीणों ने 12 सितंबर को दी थी चोरी की सूचना
जानकारी के अनुसार, बिंद बहुआरा गांव निवासी गोपी बासफोर अपने परिवार के साथ बाहर रहते हैं. इसी दौरान उनका घर बंद था. ग्रामीणों ने 12 सितंबर 2026 को दिन करीब 10:30 बजे पीड़ित को सूचना दी कि उनके घर के सामने वाले गेट का ताला टूटा हुआ है. ग्रामीणों ने घर में चोरी होने की आशंका जताते हुए इसकी जानकारी दी.
19 सितंबर को घर पहुंचे पीड़ित
ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद भी पीड़ित तत्काल घर नहीं पहुंच सके. 19 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे वह असम से अपने घर बिंद बहुआरा पहुंचे. गांव के लोगों के साथ घर के अंदर प्रवेश करने पर उन्होंने देखा कि घर के सभी ताले टूटे हुए हैं. घर के अंदर रखा टीवी, इन्वर्टर, गैस, पानी की मशीन, घरेलू बर्तन समेत कई सामान गायब थे.
अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
चोरी की घटना के बाद पीड़ित गोपी बासफोर ने मढ़ौरा थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन दिया है. आवेदन में अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है. पुलिस से चोरी गए सामान और घटना में शामिल आरोपितों का पता लगाने की मांग की गई है.
