सारण के बनियापुर में बारिश से किसानों के चेहरे खिले, धान-मक्के की फसलों में लौटी हरियाली

बनियापुर क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है. झमाझम बारिश के बाद धान और मक्के की फसलों में नई जान आ गई है, जिससे बेहतर उपज की उम्मीद जगी है. बिजली की अनियमित आपूर्ति से हालांकि कुछ परेशानी हो रही है.

Saran News: सोमवार से रुक-रुक कर हो रही बारिश से बनियापुर क्षेत्र के किसान उत्साहित हैं. मंगलवार को दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया. बारिश होने से धान और मक्के की फसलों को काफी राहत मिली है. एक सप्ताह पहले तक चिलचिलाती धूप और गर्मी के कारण जो पौधे सूखने लगे थे, उनमें अब हरियाली छाने लगी है.

खरीफ फसलों के लिए मौसम अनुकूल होते ही किसान फसलों की देखभाल में जुट गये हैं. किसान अहले सुबह से देर शाम तक खेतों में यूरिया का छिड़काव करने के साथ खरपतवार निकालने में लगे हैं. खेतों में पर्याप्त नमी होने के कारण अब कीटनाशक और खरपतवारनाशी दवाओं का भी छिड़काव शुरू कर दिया गया है. इससे खेतिहर मजदूरों को भी रोजगार मिलने लगा है.

बारिश से बेहतर उपज की जगी उम्मीद

अनुभवी किसानों ने बताया कि देर से ही सही, अब बारिश शुरू होने के बाद खरीफ फसलों में हरियाली लौटने लगी है. इससे इस वर्ष बेहतर उपज की उम्मीद जगी है.

किसान दशरथ राय, सुदर्शन सिंह, मनोज राम और बाबूलाल शर्मा ने बताया कि जून, जुलाई और अगस्त में औसत से काफी कम बारिश होने के कारण किसानों ने खरीफ फसलों के उत्पादन की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी. सितंबर की शुरुआत से मानसून के सक्रिय होने के बाद किसानों की चिंता कुछ हद तक दूर हुई है.

हालांकि औसत से कम बारिश होने के कारण करीब 30 प्रतिशत किसानों ने धान की बुआई ही नहीं की है. ऐसे किसानों के खेत अभी भी खाली पड़े हैं.

कीचड़ से आवागमन में परेशानी

रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण कई जगहों पर कीचड़ फैल गया है. इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीण इलाकों में पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी दिक्कत हो रही है.

बारिश के बीच बिजली की अनियमित आपूर्ति से उपभोक्ता परेशान

बारिश शुरू होते ही बिजली की अनियमित आपूर्ति की समस्या भी बढ़ गयी है. बार-बार 33 केवी और 11 केवी लाइन में ब्रेकडाउन एवं ट्रिपिंग होने के कारण उपभोक्ताओं को नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है.

पीएसएस कोल्लूआ में कार्यरत कर्मियों ने बताया कि हवा और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है. कई जगहों पर हाई वोल्टेज तार पेड़ों की टहनियों और बांस के बीच से होकर गुजर रहे हैं. बारिश और हवा के दौरान टहनियां हाई वोल्टेज तारों के संपर्क में आ जाती हैं. इससे ट्रिपिंग और ब्रेकडाउन की समस्या उत्पन्न हो जाती है.

उपभोक्ताओं ने बिजली कंपनी के अधिकारियों से बारिश के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और बार-बार होने वाले ब्रेकडाउन एवं ट्रिपिंग की समस्या का समाधान कराने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें:  बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mantu kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >