परसा थाने की पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के बनकेरवा गांव में छापेमारी कर आरोपित को पकड़ा है.
बनकेरवा गांव से पुलिस ने की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार परसा थाना कांड संख्या 353/26 में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में नामजद आरोपी सेवालाल राम पुलिस के पकड़ से फरार चल रहा था.उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी.इसी क्रम में शनिवार को पुलिस टीम ने बनकेरवा गांव में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.गिरफ्तार आरोपी की पहचान थाना क्षेत्र के बनकेरवा गांव निवासी सुभाष राम के पुत्र सेवालाल राम के रूप में की गई है.गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे आवश्यक पूछताछ की तथा सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद शनिवार को उसे छपरा व्यवहार न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पुलिस ने कहा-अन्य आरोपितों की जल्द होगी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसी कांड में एक अन्य आरोपी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.परसा थाना पुलिस ने बताया कि अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है.क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
