Army Lieutenant Welcome: तरैया प्रखंड के बेलहरी गांव निवासी रुदल राय के पुत्र आर्मी लेफ्टिनेंट अमित कुमार के ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटने पर शनिवार को तरैया में भव्य स्वागत किया गया. छपरा से बेलहरी स्थित अपने घर आने के दौरान आर्मी लेफ्टिनेंट का जगह-जगह जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों और ग्रामीणों ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया. भागवतपुर पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में नेवारी में उनका स्वागत किया गया.
स्टेट बैंक के सामने घंटों स्वागत के लिए खड़े रहे लोग
अमित कुमार के तरैया पहुंचने से पहले ही सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यवसायी और ग्रामीण स्टेट बैंक के सामने फूल-माला लेकर उनके स्वागत के लिए घंटों धूप में सड़क किनारे खड़े रहे. जैसे ही आर्मी लेफ्टिनेंट का काफिला वहां पहुंचा, लोगों ने उत्साह के साथ भारत माता की जय के नारे लगाये. स्वागत के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ उमड़ने से स्टेट बैंक के सामने कुछ देर के लिए लंबी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी.
तिरंगा लेकर बाइक से आगे बढ़े युवा
आर्मी लेफ्टिनेंट के काफिले के आगे तरैया थाना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही. इसके पीछे सैकड़ों की संख्या में नवयुवक बाइक पर तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाते हुए चल रहे थे. वहीं बग्घी पर सवार आर्मी लेफ्टिनेंट अमित कुमार का काफिला आगे बढ़ रहा था. इस दौरान लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला.
बेलहरी में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
इसके बाद बेलहरी गांव में भी आर्मी लेफ्टिनेंट अमित कुमार के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया. समारोह में मुखिया संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार यादव, सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील तिवारी, सांसद प्रतिनिधि संजय सिंह, पूर्व मुखिया वीर बहादुर राय, जिला पार्षद सदस्य हरिशंकर सिंह, कमला प्रसाद, पूर्व मुखिया अनिल यादव, अमरनाथ सिंह, रंजय सिंह, सरपंच बिगन राय, कौशल सिंह, शिक्षक नेता महेश्वर सिंह, सुधीर तिवारी समेत सैकड़ों जनप्रतिनिधियों, तरैया बाजार के व्यवसायियों और ग्रामीणों ने आर्मी लेफ्टिनेंट अमित कुमार को फूल-माला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया.
गांव का नाम रोशन करने पर जतायी खुशी
इस अवसर पर ग्रामीणों ने कहा कि अमित कुमार ने आर्मी में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र और गांव का नाम रोशन किया है. उनके घर लौटने पर गांव में खुशी का माहौल है.
