राजेंद्र कॉलेज में आज होगा पूर्ववर्ती छात्र सम्मेलन सह सम्मान समारोह

जयप्रकाश विश्वविद्यालय के प्रीमियर कॉलेज राजेंद्र महाविद्यालय में आज पूर्ववर्ती छात्र सम्मेलन सह सम्मान समारोह का आयोजन होगा.

छपरा. जयप्रकाश विश्वविद्यालय के प्रीमियर कॉलेज राजेंद्र महाविद्यालय में आज पूर्ववर्ती छात्र सम्मेलन सह सम्मान समारोह का आयोजन होगा. इस आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. कार्यक्रम में एक हजार से अधिक पूर्ववर्ती छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे. इसके ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों ही प्रकार से रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था है. पूर्ववर्ती छात्र कॉलेज के वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी कर सकते हैं. वहीं कार्यक्रम के दिन भी ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन किया जायेगा. कई पूर्ववर्ती छात्रों को सम्मानित भी किया जायेगा. जिसकी सूची तैयार कर ली गयी है. इस कार्यक्रम के दौरान हाल ही में कॉलेज में हुए विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया जायेगा. विश्वविद्यालय में नवनिर्मित मुख्य द्वार का भी उद्घाटन होगा. साथ ही महाविद्यालय की चर्चित पत्रिका राका का भी विमोचन इस दिन किया जायेगा. प्राचार्य डॉ उदय शंकर पांडेय ने सभी पूर्ववर्ती छात्रों को इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि लंबे अंतराल पर इस प्रकार का आयोजन महाविद्यालय में होने जा रहा है. विगत कुछ सालों में महाविद्यालय में कई बड़े बदलाव हुए हैं. कई नये भवनों का निर्माण हुआ है. शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार हुआ है. आगामी कार्य योजना से भी छात्रों को अवगत कराया जायेगा. वहीं मंच से पूर्ववर्ती छात्र अपने अनुभव भी साझा करेंगे. कार्यक्रम का उद्घाटन 26 फरवरी को सुबह 10:30 बजे किया जायेगा. इस कार्यक्रम के लिए इतिहास विभाग के अध्यक्ष डॉ संजय कुमार को संयोजक बनाया गया है. जबकि भौतिकी के प्राध्यापक डॉ सुनील प्रसाद सह संयोजक हैं. वहीं कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कमेटी भी बनायी गयी है. जिसमें शिक्षक प्रतिनिधि के रूप में डॉ प्रशांत कुमार, डॉ देवेश रंजन, डॉ अर्चना, डॉ रिचा मिश्रा, डॉ बेठियार सिंह साहू, डॉ इकबाल जफर अंसारी, डॉ इश्तियाक अहमद, डॉ गौरव शर्मा, हरिहर मोहन एवं अयूब खान भी शामिल हैं. सहसंयोजक डॉ सुनील ने बताया कि राजेंद्र कॉलेज प्रमंडल का एक चर्चित कॉलेज है. यहां से निकले कई छात्र-छात्राएं आज देश के बड़े संस्थानों में कार्यरत हैं. यहां से पढ़े कई वरिष्ठ आइएएस अधिकारी, राजनीतिज्ञ, शिक्षाविद जो आज पूरे देश में अपना नाम कर चुके हैं, उनकी उपस्थिति भी इस कार्यक्रम में होने जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ALOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >