शिवरी में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने 12 वर्षीय छात्र को कुचला, मौत

थाना क्षेत्र के शिवरी गांव के समीप शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पैदल जा रहे बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.

मशरक. थाना क्षेत्र के शिवरी गांव के समीप शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पैदल जा रहे बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान कर्णकुदरिया पंचायत के शिवरी गांव निवासी स्वर्गीय मंगरू राम के पुत्र अभिमन्यु कुमार राम के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि अभिमन्यु स्कूल जाने की तैयारी में था और घर से पैदल ही शिवरी मोड़ पर बाल कटवाने जा रहा था. अभी वह सैलून के करीब पहुंचा ही था कि बालू लदे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद भीड़ जुटने से पहले ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है और वाहन को जब्त कर लिया है. अभिमन्यु की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. उसकी मां इन्दु कुंवर का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना से शोकाकुल अभिमन्यु के सहपाठियों और स्कूल के शिक्षकों ने दो मिनट का मौन रखकर उसे श्रद्धांजलि अर्पित की. वहीं इस घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कई गंभीर आरोप लगाये हैं. उनलोगों का कहना था कि बालू ओवरलोड ट्रैक्टर चालक मुख्य सड़कों पर पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए गांव की संकरी सड़कों का इस्तेमाल कर रहे हैं. इस रूट पर तीन-चार प्रमुख स्कूल हैं. सुबह-शाम जब बच्चे पैदल स्कूल जाते हैं, उसी समय इन ट्रैक्टरों की आवाजाही सबसे अधिक होती है. ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक की अविलंब गिरफ्तारी और ग्रामीण इलाकों में व्यावसायिक ट्रैक्टरों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ALOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >