Saran News: रसूलपुर थाना क्षेत्र में स्थापित बाबा महेंद्रनाथ कांवरिया संघ के सैकड़ों श्रद्धालु शनिवार को जलभरी के लिए उत्तरायण गंगा घाट, बलिया(यूपी) के लिए रवाना हुए. छपरा-सिवान सीमा पर बसे छपरा जिले के लौवारी, पकवाइनार, बलिया कोठी समेत सिवान जिले के नगईं, बावनडीह, बंगरा आदि गांवों के श्रद्धालु जलभरी में शामिल हुए.
श्रद्धालुओं ने बताया कि वे पिछले करीब दो दशकों से उत्तरायण गंगा घाट से जल लेकर लगभग 55 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हैं और सोमवार को मेंहदार स्थित बाबा महेंद्रनाथ धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं. इस धार्मिक यात्रा में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं.
23वें साल जल लेकर पैदल जाएंगे श्रद्धालु
रसूलपुर थाना क्षेत्र के लौवारी गांव निवासी शिक्षक अरूण रसीला लगातार 23वें वर्ष जलभरी कर बाबा महेंद्रनाथ का जलाभिषेक करेंगे. उन्होंने बताया कि श्रद्धालु बाबा महेंद्रनाथ का जयकारा लगाते हुए उत्तरायण गंगा घाट से जल लेकर पैदल बाबा महेंद्रनाथ धाम मेंहदार पहुंचते हैं.
अरूण रसीला ने बताया कि जैसे सुल्तानगंज में गंगा उत्तरायण होकर बहती हैं, उसी तरह बलिया जिले के पचरूखी घाट पर भी गंगा करीब दो किलोमीटर तक उत्तरायण होकर बहती हैं. श्रद्धालुओं के अनुसार उत्तरायण गंगा के जल से भगवान शिव का जलाभिषेक करना उत्तम और शास्त्र सम्मत माना जाता है. इसी आस्था के कारण यहां से वर्षों से श्रद्धालु जल लेकर बाबा महेंद्रनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं.
हर साल बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
श्रद्धालुओं ने बताया कि उत्तरायण गंगा से जलभरी कर बाबा महेंद्रनाथ का जलाभिषेक करने की परंपरा कई दशकों से चली आ रही है. पहले इस यात्रा में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ उत्तर प्रदेश के लोग, खासकर बलिया जिले के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होते थे. अब हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है.
युवा श्रद्धालुओं में भी दिख रहा उत्साह
हर सोमवारी को उत्तरायण गंगा से जल लेकर बाबा महेंद्रनाथ शिवालय में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं में युवाओं की संख्या भी काफी रहती है. शनिवार को रवाना हुए श्रद्धालुओं में अरूण रसीला, हरेंद्र शर्मा, बबलू सिंह, राहुल चौबे और विद्या चौबे समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे. श्रद्धालु करीब 55 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर सोमवार को मेंहदार स्थित बाबा महेंद्रनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे.
इसे भी पढ़ें: हुजूर! बेटियों की पीड़ा कौन सुनेगा? कटेया के स्कूल में टॉयलेट बंद, झाड़ियों का सहारा लेने को मजबूर छात्राएं
