छपरा से हरि प्रकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Saran News : छपरा जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 44 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत 38,280 रुपये बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईबी और सीडीएस टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान 04137 ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन के बी-1 कोच की तलाशी ली गई.
शौचालय में संदिग्ध स्थिति में रखा था बैग
तलाशी के दौरान कोच के शौचालय में संदिग्ध स्थिति में रखा एक लावारिस बैग बरामद हुआ. बैग की जांच करने पर उसमें 44 लीटर अंग्रेजी शराब पाई गई, जिसे आरपीएफ टीम ने जब्त कर लिया.
हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही शराब तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहा. आरपीएफ मामले की जांच कर तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी
छापेमारी दल में सीआईबी के बृज सुंदर एवं दिलीप कुमार तथा सीडीएस टीम के विशाल शामिल थे. आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेल मार्ग से होने वाली अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Also Read : सीवान की सफाई व्यवस्था पर फूटा जनप्रतिनिधियों का गुस्सा, एजेंसी को अंतिम चेतावनी
