Shravani Puja Dispute: सारण जिले के गरखा थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में श्रावणी पूजा के दौरान दो पुजारियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है. पूजा की पद्धति को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया. विवाद के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया.
पूजा की पद्धति को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, नारायणपुर गांव में श्रावणी पूजा के दौरान पूजा की पद्धति को लेकर दो पुजारियों के बीच मतभेद हो गया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी.
कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई होने लगी. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने मामले को बढ़ता देख बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों को शांत कराया.
करीब 40 वर्षों से साथ होती थी पूजा
ग्रामीणों के अनुसार, नारायणपुर में पिछले करीब 40 वर्षों से दोनों समुदाय के लोग मिल-जुलकर श्रावणी पूजा करते आ रहे थे. वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के बीच इस बार पूजा की पद्धति को लेकर विवाद सामने आया है.
विवाद के बाद दोनों पक्षों ने इस बार अलग-अलग पूजा करने का फैसला लिया है.
लिखित शिकायत नहीं, वीडियो के आधार पर जांच
फिलहाल मामले को लेकर थाने में किसी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गयी है. हालांकि सोशल मीडिया पर विवाद से संबंधित वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है.
पुलिस वीडियो और उपलब्ध जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें: सारण: शादी के 6 महीने बाद ऐसा क्या हुआ? पहले चेन्नई में पति की मौत, फिर बंद कमरे में मिली पत्नी की लाश!
