छपरा : बदलते मौसम और हवा में सिहरन के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर देखने को मिल रहा है. जिले में बीते दो दिनों में पछुआ बयार ने ठंड बढ़ा दी है. वहीं दो दिनों से मौसम में काफी उतार-चढ़ाव भी हो रहा है. इस कारण सीजनल बीमारियां बढ़ी हैं. छोटे बच्चों में कोल डायरिया की शिकायत भी देखने को मिल रही है. सदर अस्पताल के ओपीडी में सीजनल बीमारियों से ग्रस्त मरीजों की संख्या में विगत एक सप्ताह में इजाफा हुआ है.
अस्पताल : ठंड शुरू होते ही बढ़ी मरीजों की संख्या
छपरा : बदलते मौसम और हवा में सिहरन के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर देखने को मिल रहा है. जिले में बीते दो दिनों में पछुआ बयार ने ठंड बढ़ा दी है. वहीं दो दिनों से मौसम में काफी उतार-चढ़ाव भी हो रहा है. इस कारण सीजनल बीमारियां बढ़ी हैं. छोटे बच्चों में […]

अस्पताल प्रशासन ने मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम किये हैं. उम्रदराज लोगों को अपने शरीर को तापमान के अनुसार सहज करने में काफी समस्या हो रही है. बुजुर्गों में ब्लड प्रेशर को लेकर परेशानी बढ़ी है. अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि मौसम तेजी से बदल रहा है. ऐसे में लोग तापमान के अनुसार शरीर को नहीं ढाल पा रहे हैं, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने की समस्या ज्यादा देखी जा रही है.
लकवा और ब्रेन स्ट्रोक का बना डर :सदर अस्पताल छपरा के इमरजेंसी वार्ड में लकवा ग्रसित मरीज भी इलाज कराने आये. नगर थाना क्षेत्र के तेलपा मोहल्ला निवासी शकील अंसारी की पत्नी नजमुन खातून लकवा की समस्या से ग्रसित होकर इलाज के लिए पहुंची.
मौसम में अचानक से आये बदलाव से कई लोगों का ब्लड प्रेशर इतना बढ़ गया कि उनमें लकवा की शिकायत आ गयी. सदर अस्पातल के उपाधीक्षक डॉ राम इकबाल प्रसाद ने बताया कि तामपान में तेजी से हो रहे बदलाव के कारण बल्ड प्रेशर के रोगियों के शरीर का प्रेशर बढ़ जाता है, जिससे ब्रेन स्ट्रोक का भी खतरा बना रहता है.
बच्चों को हो रही कोल डायरिया की समस्या :तापमान में हो रहे बदलाव से सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों को हो रही है. डोरीगंज निवासी निक्की कुमारी कोल डायरिया से पीड़ित होकर इलाज कराने पहुंची थीं. दिन में धूप निकलने से बच्चों को ठंड से राहत तो जरूर मिली है पर सर्दी, खांसी, बुखार जैसी समस्याएं बढ़ी हैं. छपरा सदर अस्पताल में प्रतिदिन ऐसे बच्चे इलाज के लिए आ रहे हैं, जिनमें कोल डायरिया की शिकायत देखी गयी है.
अस्पताल प्रशासन अलर्ट
तापमान में हो रहे बदलावों के कारण मरीजों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर अस्पताल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. ओपीडी में चिकित्सकों को इस संदर्भ में विशेष दिशा-निर्देश दिया गया है. अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भी पूरी व्यवस्था की गयी है. जांच घर को भी ओपीडी में ही शिफ्ट कर लिया गया है. वहीं दवा के काउंटर पर भी सीजनल बीमारियों की दवा मरीजों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है.
बोले पदाधिकारी
हवा के बदलाव से सीजनल बीमारियों की समस्या बढ़ी है. ओपीडी में प्रतिदिन औसतन पचास मरीज सीजनल बीमारी से प्रभावित होकर इलाज के लिए आ रहे हैं. मरीजों को बेहतर इलाज प्रदान के लिए अस्पताल में पूरी व्यवस्था की गयी है. ओपीडी में चिकित्सकों को विशेष निर्देश दिया गया है. इमरजेंसी वार्ड भी अलर्ट पर है. दवा केंद्र पर पर्याप्त मात्र में दवा उपलब्ध है.
डॉ रामइकबाल प्रसाद ,उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, छपरा