बनियापुर : दहेज में एक लाख रुपये नकद, फ्रिज, वाशिंग मशीन, टेलीविजन आदि की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालवालों ने विवाहिता को प्रताड़ित करते हुए घर से मारपीट कर घर से निकाल दिया. मामले की प्राथमिकी कोर्ट परिवाद के आधार पर दहेज अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं में सहाजितपुर थाने में दर्ज की गयी है.
दर्ज प्राथमिकी में हाफिजपुर गांव निवासी व पीड़िता अनिता देवी ने सीवान जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के मोरा गांव निवासी पति धनंजय ओझा, ससुर रामएकबाल ओझा, सास कलावती देवी, रामेश्वर ओझा, माला देवी सहित आधा दर्जन लोगों को नामजद किया है. प्राथमिकी में पीड़िता ने बताया है कि डेढ़ वर्ष पूर्व मेरी शादी हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी, जिसमें परिजनों ने अपने सामर्थ्य के अनुसार उपहार स्वरूप बाइक, नकद, आभूषण आदि समान देकर विदा किया था.
मगर शादी के कुछ दिन बाद से ससुरालवालों द्वारा दहेज में एक लाख रुपये नकद, फ्रिज, वाशिंग मशीन आदि की मांग को लेकर दबाव बनाया जाने लगा. मायकेवालों द्वारा असमर्थता जताने पर मुझे प्रताड़ित किया जाने लगा. इस बीच मायके वालों ने आकर पंचायती भी की मगर कोई असर नहीं हुआ. बाद में सभी नामजद मारपीट करने लगे. मारपीट के क्रम में मेरा गर्भपात हो गया.
