परसा : बेखौफ अपराधियों की गोली का शिकार चौकीदार विनय कुमार अकेला उर्फ बच्चा राम की हत्या से आक्रोशित परिजनों व स्थानीय लोगों ने अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार की सुबह से ही सड़क जाम कर आवागमन ठप कर दिया. लोग बाजार के दारोगा राय चौक, पोझी चौक व परसा मथुरा में परसा-डेरनी पथ पर लाठी-डंडे के साथ जुट गये. इसमें भारी संख्या में महिलाएं व बच्चे भी शामिल थे. आक्रोशित लोगों ने हत्यारों को अविलंब गिरफ्तारी की मांग करते हुए टायर जलाकर आक्रोश जताया. सड़क जाम करते देख स्थानीय दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें नहीं खोली तथा सहयोग किया.
सूचना मिलने के साथ ही थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा अविलंब कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए परिजनों को नौकरी दिलाये जाने व सभी सरकारी मुआवजा देने की बात समझा कर जाम हटवाया. करीब तीन घंटे बाद यातायात सेवाएं बहाल हो सकीं तथा देखते-देखते दुकानें खुलनी शुरू हुईं. मालूम हो कि परसा मथुरा निवासी बच्चा राम को बेखौफ अपराधियों ने उस समय अंधाधुंध फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया. जब वह सोमवार की देर संध्या ड्यूटी के दौरान बाइक से खलीफा चौक होकर गुजर रहा था तभी अचानक एक बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां आ पहुंचे. पहचान कराये जाने के साथ ही उस पर फायरिंग हुई.
गोली चलने के साथ ही वह जान बचाकर खलीफा कॉम्प्लेक्स में भागा लेकिन उसके पेट में लगी गोली ने उसे इलाज का मौका भी नहीं दिया. सूचना मिलने के साथ ही थानाध्यक्ष सुरेश कुमार यादव, पुअनि हुलास राय, विनय कुमार, विजय मिश्रा सहित कई चौकीदार व पुलिस बल के जवान मौके पर पहुंचे जहां घटनास्थल से चौकीदार विनय कुमार को अस्पताल लाया गया. इलाज के पूर्व ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था. घटना की तत्काल सूचना मिलते ही डेरनी,
दरियापुर सहित कई थानों की पुलिस भी पहुंच गयी. एसपी हरिकिशोर राय तथा सोनपुर डीएसपी पंकज मिश्रा घटनास्थल पर पहुंच चौकीदार की हत्या की जानकारी ली. देर रात पीएचसी परसा से चौकीदार के शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेजा गया. घटना के बाद पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गोपनीय स्तर से कई इलाकों में छापेमारी जारी है.
