कार्रवाई. थानाध्यक्ष घायल, पुलिस ने हवाई फायरिंग के साथ-साथ आंसू गैस के गोले दागे
छपरा (सदर)/डोरीगंज : सारण जिले में विभिन्न घाटों पर जब्त लाल बालू का उठाव करने गये प्रशासन व पुलिस को भारी विरोध के बीच अंतत: बालू का उठाव रोकना पड़ा. इस दौरान बालू का व्यवसाय करने वाले एवं उनके समर्थकों ने जहां छपरा-आरा पुल के सामने एनएच 19 को सड़क पर आगजनी कर जाम कर दिया. वहीं जमकर रोड़ेबाजी भी की.
इस दौरान डोरीगंज थानाध्यक्ष का सिर फटा व अन्य आधा दर्जन जख्मी इस दौरान अपने बचाव के लिये पुलिस प्रशासन को भी 20 राउंड हवाई फायरिंग तथा पांच आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. भारी मशक्कत के बाद पुलिस प्रशासन को रोड़ेबाजी करने वाले बालू माफिया एवं उनके समर्थकों पर नियंत्रण रखने में सफलता मिली. वहीं आधा दर्जन लोगों को भी इस दौरान पुलिस ने गिरफ्तार किया. जानकारी के अनुसार डोरीगंज के दरियावगंज घाट पुलिस प्रशासन मधुकॉन कंपनी के छह हाइवा लेकर घाट पर रखे बालू को लोड कराने लगी. जिसका वहां के बालू से जुड़े व्यवसायियों ने यह कहकर विरोध किया. उन्होंने यह बालू नाव वालों से खरीदी है.
वहीं कुछ लोग डीएम हरिहर प्रसाद के पास भी पहुंचकर इसकी शिकायत करने लगे. इसी बीच नाराज बालू से जुड़े व्यवसाय के लोगों एवं उनके समर्थकों ने रोड जाम एवं रोड़ेबाजी शुरू कर दी. इस दौरान डीएम हरिहर प्रसाद, पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय के नेतृत्व में प्रशासन व पुलिस के पदाधिकारियों ने बालू के व्यवसाय से जुड़े व उनके सिंगही चिरांद, बदलपुर, महारजागंज, बदलपुरा आदि गांवों के समर्थकों पर येन-केन प्रकारेण काबू पाया. प्रारंभ में तो प्रशासन छह हाइवा बालू लेकर चले गये.
इस दौरान आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है. जिला पदाधिकारी हरिहर प्रसाद ने राज्य मुख्यालय से मार्गदर्शन मांगकर तथा पटना उच्च न्यायालय के सोमवार को आये फैसले के आलोक में बालू के संबंध में अगला निर्णय लिया जायेगा. उन्होंने एक दो राउंड हवाई फायरिंग की बात कही.
